मातृत्व चेतना का विराट संदेश: गर्भ संस्कार पर विश्व की पहली लाइव पेंटिंग वर्कशॉप, 11 चित्रकारों ने कला के माध्यम से रचा दिव्यता का भाव
आगरा। मातृत्व ईश्वर का महान वरदान है, और गर्भ संस्कार से ही दिव्य संतान का निर्माण होता है। इस भाव को केंद्र में रखते हुए रविवार को प्रताप नगर स्थित गर्भाधान संस्कार एवं मेटरनिटी होम परिसर में गर्भ संस्कार जैसे अत्यंत संवेदनशील और आध्यात्मिक विषय पर संभवतः विश्व की पहली लाइव पेंटिंग वर्कशॉप एवं चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
इस अनूठे आयोजन का संयुक्त आयोजन चित्रलेखा द विलेज ऑफ आर्ट सोसाइटी तथा श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित प्रकल्प गर्भाधान संस्कार एवं मेटरनिटी होम के तत्वावधान में किया गया।

गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम, प्रताप नगर में अपनी-अपनी पेंटिंग के साथ चित्रकार एवं आयोजन से जुड़े समाजसेवी।
कार्यक्रम का निर्देशन ललित कला संस्थान की पूर्व निदेशक एवं वर्तमान में मेवाड़ विश्वविद्यालय, राजस्थान की महानिदेशक प्रो. डॉ. चित्रलेखा सिंह ने किया। उनके मार्गदर्शन में आगरा सहित विभिन्न स्थानों से आए 11 वरिष्ठ एवं उदीयमान चित्रकारों, डॉ. त्रिलोक शर्मा, डॉ. मंजू बघेल, डॉ. मधु गौतम, डॉ. त्रिगुणातीत जैमिनी, कमलेश्वर शर्मा, नरेश कुमार, सौम्य देव मंडल, राहुल, विपिन उपाध्याय, सुदेश तथा स्वयं डॉ. चित्रलेखा सिंह ने लाइव पेंटिंग बनाकर गर्भ संस्कार और मातृत्व चेतना का अनुपम संदेश समाज के समक्ष प्रस्तुत किया।
गर्भ संस्कार विषय पर ही आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में ललित कला संस्थान, आगरा कॉलेज, संतराम कृष्णा कन्या महाविद्यालय, सेंट जॉन्स कॉलेज, बैकुंठी देवी कॉलेज एवं बीडी जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों से प्राप्त 100 से अधिक चित्र प्रविष्टियों की प्रदर्शनी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। यह प्रदर्शनी 2 और 3 फरवरी को भी प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर एक रंगीन ब्रोशर का विमोचन करते हुए प्रो. डॉ. चित्रलेखा सिंह ने कहा कि जैसा बीज होता है, वैसा ही वृक्ष बनता है। मां का गर्भ ही गर्भस्थ शिशु की पहली पाठशाला है। शिशु के मस्तिष्क का लगभग 80 प्रतिशत विकास गर्भ में ही हो जाता है, इसलिए गर्भ संस्कार का महत्व अत्यंत गहरा और वैज्ञानिक है।
मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी वीडी अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती पुष्पा अग्रवाल (पुष्पांजलि ग्रुप) मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजन की जिम्मेदारी सचिन गोयल, राजीव जैन और नूतन ज्योति ने निभाई।
कार्यक्रम में श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक अग्रवाल, महामंत्री मनोज अग्रवाल, सुनील विकल, डॉ. सुनीता गर्ग, डॉ. सरोज भार्गव, वसंत गुप्ता एड., डॉ. कृशांश चौहान, डॉ. सुधा बंसल, शीला बहल, राजकुमार जैन सहित अनेक गणमान्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।