आगरा में जीएसटी अधिकारियों ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों को दी नई दरों की जानकारी
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल के नेतृत्व में जयपुर हाउस स्थित स्टेट जीएसटी कार्यालय में व्यापारियों और जीएसटी ग्रेड-1 अधिकारी पंकज गांधी के बीच विशेष बैठक हुई, जिसमें घटाई गई जीएसटी दरों की जानकारी विस्तार से दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि नई दरों के अनुरूप आमजन को राहत पहुंचाने के लिए 25 सितंबर को व्यापार मंडल प्रेस वार्ता करेगा।
आगरा। आगरा व्यापार मंडल ने घटाई गई जीएसटी दरों को लेकर व्यापारियों को जागरूक करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अध्यक्ष टीएन अग्रवाल के नेतृत्व में जयपुर हाउस स्थित स्टेट जीएसटी कार्यालय में आयोजित बैठक में जीएसटी ग्रेड-1 अधिकारी पंकज गांधी ने व्यापारियों को नई दरों की जानकारी विस्तार से दी।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने कई आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी दरों में कमी की है। दैनिक उपयोग की वस्तुएं जैसे पैक्ड फूड आइटम्स, डेयरी प्रोडक्ट्स और कुछ मसाले अब 12% से घटकर 5% जीएसटी दर पर उपलब्ध होंगे। इसी प्रकार कपड़ा उद्योग के अंतर्गत आने वाले कई वस्त्रों पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है। इसके अलावा घरेलू उपकरणों और छोटे इलेक्ट्रॉनिक्स पर भी टैक्स दरों में कमी की गई है।
पंकज गांधी ने कहा कि व्यापारी वर्ग को चाहिए कि वे अपने उत्पादों के मूल्य नई दरों के अनुरूप घटाकर आमजन तक राहत पहुंचाएं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि आगरा के समस्त व्यापारियों को नई दरों की जानकारी देने और मूल्य कमी की दिशा में जागरूक करने हेतु 25 सितंबर को वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में अशोक मंगवानी, राकेश बंसल, नितेश अग्रवाल, कन्हैयालाल राठौर, जय पुरुषनानी, राजेश अग्रवाल, राकेश सिंघल, संदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता, संजीव अग्रवाल, अशोक लालवानी और साहूकार सिंह चाहर सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।