गुरु मां फाउंडेशन ने श्रीहीन बच्चों की शिक्षा को बढ़ाया हाथ, वार्षिकोत्सव में छाया सनातन संस्कारों का रंग

आगरा। शिक्षा, सेवा और संस्कार के संगम का सजीव उदाहरण शनिवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में देखने को मिला, जब गुरु मां फाउंडेशन के तत्वावधान में न्यूविंग्स, पीडी जैन इंटर कॉलेज एवं एएमपी स्कूल का संयुक्त वार्षिकोत्सव भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और सनातन संस्कार संस्कृति की झलक ने उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों को भावविभोर कर दिया।

Dec 27, 2025 - 20:44
 0
गुरु मां फाउंडेशन ने श्रीहीन बच्चों की शिक्षा को बढ़ाया हाथ, वार्षिकोत्सव में छाया सनातन संस्कारों का रंग
सूरसदन प्रेक्षागृह में गुरु मां फाउंडेशन द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव में प्रस्तुति देते स्कूली बच्चे।

वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्रुप कैप्टन अरिंजय जैन (भारतीय वायु सेना) द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में ग्रुप कैप्टन अरिंजय जैन ने कहा कि शिक्षा समाज का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है। शिक्षा और संस्कार का संतुलित समन्वय ही समाज को सशक्त और राष्ट्र को प्रगतिशील बनाता है।

विद्यालय प्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि गुरु मां फाउंडेशन की स्थापना संस्थापिका लता जैन के शिक्षा क्षेत्र में किए गए अतुलनीय योगदान की स्मृति में की गई। दोनों विद्यालयों में श्रीहीन बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष अनुदान दिया जाता है, ताकि आर्थिक अभाव उनकी शिक्षा में बाधा न बने और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक, देशभक्ति एवं संस्कार आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्साह ने पूरे प्रेक्षागृह को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया। विद्यालय निदेशक प्रियदर्शी जैसवाल ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन रविकांत शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी यूनिट के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं, जिनमें नीरू सेंगर, वर्षा जैन, नेहा वर्मा, पिंकी सिकरवार, लक्ष्मी सिंघल, शिल्पी, संध्या, आरती, सुनील जैन, जयप्रकाश शर्मा, पूनम कुशवाह, लक्ष्मी मिश्रा, दीप्ति शर्मा, कुलदीप, ममता, गौरी सहित अनेक गणमान्यजन शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor