बरेली में तेज रफ्तार का कहर: बाइक को चपेट में लेते हुए खड़े टैंकर में जा घुसी बोलेरो, पांच लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बड़े बाईपास स्थित सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधोली गांव के पास रविवार दोपहर बाद एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने बाइक को बचाने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया और बाइक को चपेट में लेते हुए गाड़ी सड़क किनारे खड़े टैंकर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो और बाइक के परखच्चे उड़ गए।
घटना की जानकारी देते हुए एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि लखनऊ की ओर से आ रही बोलेरो ने पहले आगे चल रही बाइक में टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर टैंकर में पीछे से जा भिड़ी। इस दर्दनाक हादसे में बोलेरो सवार सिकंदर कुमार (28), मनमोहन (42) निवासी फरीदपुर बरेली तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार शमसाद (45) और मुमताज (65 ने भी मौके पर दम तोड़ दिया।
हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। टक्कर के बाद बोलेरो में सवार एक युवक बुरी तरह फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कटर और अन्य उपकरणों की मदद से वाहन को काटकर उसे बाहर निकाला गया।
हादसे में मृतक एवं घायलों का विवरण निम्नानुसार है- मनमोहन सिंह पुत्र नत्थूलाल, निवासी टांडा सिकन्दरपुर, नगरिया विक्रम, जनपद बरेली, सिकन्दर पुत्र दुर्गेश कुमार, निवासी कल्याणपुर, चकतीर्थ, जनपद पीलीभीत और एक अज्ञात व्यक्ति (सभी बोलेरो सवार), साहबजाद खान (45) पुत्र बाले खान, निवासी अटाकायस्थान, थाना सीबीगंज, बरेली, मुमताज (65) पुत्र इमदाज खान, निवासी अटाकायस्थान, थाना सीबीगंज, बरेली (बाइक सवार)।
बोलेरो चालक प्रिंस तथा दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नवोदय हॉस्पिटल, मिनी बाईपास में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह बोलेरो चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो अत्यधिक गति में थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और पहले बाइक को टक्कर मारते हुए सीधे टैंकर में जा घुसा। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।