दुकान पर आता था खरीदारी के बहाने, फिर करने लगा पीछा, शादी न करने पर दी जान से मरने की धमकी
आगरा। ताजनगरी में एक युवती के साथ दहशत और उत्पीड़न की कहानी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने एक शादीशुदा युवक पर पीछा करने, धमकाने और जबरन शादी के लिए दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
आगरा। ताजनगरी में एक युवती के साथ दहशत और उत्पीड़न की कहानी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने एक शादीशुदा युवक पर पीछा करने, धमकाने और जबरन शादी के लिए दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
युवती का कहना है कि जब उसने शादी से इंकार किया, तो आरोपी ने उसे रेप और हत्या की धमकी दी। अब हालत यह है कि युवती घर से बाहर निकलने से भी डरती है। उसका हर दिन भय, अपमान और असहायता के साये में बीत रहा है।
पीड़िता की आपबीती
पीड़ित युवती ने बताया कि उसकी दुकान ग्वालियर रोड की ओर स्थित है। वहीं इटावा निवासी युवक अरुण अक्सर खरीदारी के बहाने उसकी दुकान पर आने लगा। धीरे-धीरे उसने उसका मोबाइल नंबर कहीं से हासिल कर लिया और व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज भेजने लगा। जब युवती ने उसे ब्लॉक कर दिया, तो अरुण नए-नए नंबरों से संदेश भेजता रहा। इतना ही नहीं, उसने रास्ते में उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
शादी से इंकार किया तो दी जान से मारने की धमकी
एक दिन आरोपी ने रास्ते में युवती को रोककर कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। जब युवती ने साफ इंकार किया, तो उसने धमकी दी “तेरा भाई अकेला है, पहले उसे मारूंगा, फिर तुझे गोली मार दूंगा और खुद को भी खत्म कर लूंगा।” डरी हुई युवती ने काफी समय तक चुप्पी साधे रखी क्योंकि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है और इलाके में उसका खौफ माना जाता है।
कट्टा दिखाकर डराता था आरोपी
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने कई बार रास्ते में रोककर कट्टा दिखाया और धमकाया। वह लगातार पीछा करता रहा, जिससे वह घर से बाहर निकलने में भी भय महसूस करने लगी। बाद में युवती को पता चला कि अरुण पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। तब उसने अपने परिवार के साथ आरोपी के घर जाकर उसके परिजनों को पूरी बात बताई।
रेप करके औकात दिखा दूंगा, व्हाट्सएप कॉल पर दी धमकी
युवती के अनुसार जब वह आरोपी के घर से लौट रही थी, तभी अरुण ने उसे व्हाट्सएप कॉल पर धमकी दी “मैं अपनी बीवी को तलाक देकर तुझसे शादी करूंगा। अगर तूने बात आगे बढ़ाई तो तेरा रेप करके तेरी औकात दिखा दूंगा।” इस धमकी के बाद युवती ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत के आधार पर थाना सदर बाजार पुलिस ने आरोपी अरुण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि “मामले की गहन जांच की जा रही है। सभी तथ्यों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। पीड़िता को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।”
पीड़िता का कहना है कि अब वह घर से बाहर निकलने से भी डरती है। उसने मुझे कई बार धमकाया और कट्टा दिखाया। मैं बस चाहती हूं कि मुझे और मेरे परिवार को सुरक्षा मिले। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाली जा रही हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।