आगरा में विश्व के पहले गर्भाधान संस्कार केंद्र पर हेल्थ कैंप, 125 मरीजों को मिला लाभ
आगरा। आधुनिक चिकित्सा और प्राचीन भारतीय परंपराओं के संगम को साकार करते हुए गर्भाधान संस्कार एवं मेटरनिटी होम, प्रतापनगर में रविवार को एक अनूठा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट और श्री अरविंदो सोसायटी, आगरा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 125 से अधिक मरीजों को निशुल्क परामर्श और जांच सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही, गर्भ संस्कार के प्रति जनजागरूकता में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की परंपरा से प्रेरित सेवा
तीन घंटे तक चले इस स्वास्थ्य शिविर में योग, एक्यूपंक्चर और नेचुरोपैथी विशेषज्ञ डॉ. सुनीता गर्ग, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. वीके सोनकर, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. भारती अग्रवाल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अन्विता गर्ग, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्षा माहेश्वरी, जनरल फिजीशियन डॉ. पार्थ गर्ग एवं डॉ. वीना गुप्ता ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मरीजों की मधुमेह, हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर की जांच निशुल्क की गई।
शिविर की शुरुआत वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विकास जैन द्वारा महर्षि अरविंदो एवं लाला चंद्रभान की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
शिविर में संस्कार और सेवा का संगम
सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह मेटरनिटी होम न केवल मातृत्व सेवा का केंद्र है, बल्कि यह गर्भ संस्कार की भारतीय अवधारणा को पुनः स्थापित करने का अभियान भी है। उन्होंने कहा, यह स्थल विश्व में पहला ऐसा प्रयास है, जो भारत को पुनः सांस्कृतिक और नैतिक नेतृत्व की ओर अग्रसर करेगा।
श्री अरविंदो सोसायटी आगरा शाखा की अध्यक्ष डॉ. सुनीता गर्ग ने कहा कि यह शिविर केवल एक चिकित्सा आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति के उस अध्याय की पुनर्स्थापना है, जिसमें गर्भ संस्कार को जीवन निर्माण की प्रथम सीढ़ी माना गया है। यह आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और वैदिक जीवनदृष्टि का अद्भुत संगम है।
सेवा में जुटे रहे ये गणमान्य लोग
इस अवसर पर रमेश चंद्र अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, नरेंद्र अग्रवाल, सीए अंकुर अग्रवाल, राकेश गर्ग, निधि विनय अग्रवाल, राजीव जैन, निधि अंकुर अग्रवाल, कांता माहेश्वरी, आनंद मंगल, नीतेश अग्रवाल सर्राफ, और सीए पुरुषोत्तम अग्रवाल की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।