मथुरा में दिल दहला देने वाला हादसा: खंभे से टकराई बाइक, आग लगने से दो युवकों की जिंदा जलकर मौत
मथुरा। मांट-वृंदावन रोड पर शनिवार देर रात एक हृदय विदारक हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। तेज रफ्तार अपाचे बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गए, जिससे बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते दोनों युवकों को चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा टूट गया
हादसा हाथी बाबा आश्रम के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा बीच से टूट गया और बाइक तुरंत धू-धू कर जलने लगी। रात का समय होने से सड़क पर आवाजाही बेहद कम थी। स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों युवक लपटों में घिरकर दम तोड़ चुके थे।
शव बुरी तरह झुलसे, पहचान नहीं हो सकी
पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद मांट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों के शव इतने बुरी तरह झुलस चुके थे कि उनकी पहचान तक संभव नहीं हो सकी। पर्स और अन्य कागजात भी जलकर राख हो चुके थे।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के लिए आसपास के थानों को अलर्ट किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, शिनाख्त की कोशिश जारी
थाना मांट प्रभारी के अनुसार, मामला अत्यंत दर्दनाक और संवेदनशील है। स्पीड और लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह नजर आ रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और क्षेत्र के लापता लोगों के आधार पर मृतकों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।