आगरा में तेज रफ्तार का कहर: सीएचसी खेरागढ़ के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत
आगरा। जनपद के खेरागढ़ क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेरागढ़ के सामने कागारौल मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सीएचसी खेरागढ़ के सामने कागारौल मार्ग पर हुआ। बाइक सवार खेरागढञ निवासी 25 वर्षीय युवक अमित अपने गंतव्य की ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
खेरागढ़ का ही बताया जा रहा मृतक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत युवक अमित 25 वर्ष निवासी खेरागढ़ क्षेत्र का ही निवासी बताया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मृतक की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी। पुलिस परिजनों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
थाना खेरागढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है। साथ ही हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।