हिजाब विवाद: बिहार में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, बढ़ाई गई सीएम नीतीश की सुरक्षा
बिहार के हिजाब विवाद और सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को 'अभेद्य' बना दिया गया है। खुफिया एजेंसियों के इनपुट के बाद एसएसजी घेरे को और सख्त करते हुए हाई-प्रोफाइल लोगों की आवाजाही को भी सीमित कर दिया गया है।
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से एक महिला का हिजाब हटाए जाने की घटना के बाद उपजे विवाद ने अब सुरक्षा संबंधी चिंताओं को जन्म दे दिया है। खुफिया एजेंसियों से मिले ताजा इनपुट और सोशल मीडिया पर लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सरकार ने सीएम की सुरक्षा को सर्वोच्च स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया है। डीजीपी और एडीजी (एसएसजी) ने सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की है। रिपोर्ट के अनुसार, असामाजिक और आपराधिक तत्व हिजाब प्रकरण का फायदा उठाकर मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच सकते हैं। इसके मद्देनजर, पटना से लेकर जिलों तक सुरक्षा का नया प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अब सीएम के करीब केवल कुछ चुनिंदा और हाई-प्रोफाइल लोगों को ही जाने की अनुमति होगी। आम जनता या अज्ञात लोगों के साथ मुख्यमंत्री की निकटता को पूरी तरह नियंत्रित कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
खुफिया विभाग की रिपोर्ट के बाद सभी जिलों के एसएसपी (SSP) और एसपी (SP) को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री के दौरों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सादी वर्दी में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात रहने को कहा गया है ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
हिजाब विवाद के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आ रहे आपत्तिजनक संदेशों और धमकियों की साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन को साफ आदेश है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के आवास और उनके काफिले की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से पुख्ता किया गया है।