आगरा में हॉकी का महासंग्राम: बाबा फतेह सिंह–जोरावर सिंह गोल्ड कप 21 दिसम्बर से, एकलव्य स्टेडियम के सिंथेटिक टर्फ पर 12 टीमें आजमाएंगी जोर, जूनियर इंडिया खिलाड़ी भी दिखाएंगे दम

आगरा। साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक गुरु गोविन्द सिंह जी के साहिबजादों की स्मृति में आगरा एक बार फिर रोमांचक हॉकी मुकाबलों का साक्षी बनने जा रहा है। आगरा मास्टर हॉकी और सुखजीवन अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में द्वितीय बाबा फतेह सिंह–बाबा जोरावर सिंह गोल्ड कप अंडर-19 सेवन-ए-साइड हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन 21 से 25 दिसंबर तक एकलव्य स्टेडियम के सिंथेटिक हॉकी टर्फ पर किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर की 12 टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी, वहीं जूनियर इंडिया टीम/कैम्प के खिलाड़ी भी विशेष आकर्षण रहेंगे।

Dec 19, 2025 - 19:26
 0
आगरा में हॉकी का महासंग्राम: बाबा फतेह सिंह–जोरावर सिंह गोल्ड कप 21 दिसम्बर से, एकलव्य स्टेडियम के सिंथेटिक टर्फ पर 12 टीमें आजमाएंगी जोर, जूनियर इंडिया खिलाड़ी भी दिखाएंगे दम

तैयारियां पूरी, खिलाड़ियों के ठहराव और भोजन की पुख्ता व्यवस्था

आयोजन सचिव राजीव सोई ने बताया कि टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की होटल व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जबकि खिलाड़ियों के भोजन की व्यवस्था छावनी परिषद सदस्य राजेश गोयल द्वारा रमाना ग्रांड में की गई है।
ऑस्ट्रेलियाई कुकबुरा गेंद से खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में 21 से 23 दिसंबर तक प्रतिदिन चार मुकाबले खेले जाएंगे। 24 दिसंबर को दोनों सेमीफाइनल और 25 दिसंबर को बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला आयोजित होगा।

भव्य उद्घाटन और गतका प्रदर्शन रहेगा आकर्षण

टूर्नामेंट का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री एवं आगरा सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत बाबा प्रीतम सिंह करेंगे। इस अवसर पर गुरुद्वारे के जांबाज प्राचीन गतका साहब का रोमांचक प्रदर्शन भी होगा।

आयोजन सचिव के अनुसार टूर्नामेंट में को विजेता टीम को 51,000 रुपये + ट्रॉफी, उपविजेता टीम को 31,000 रुपये + ट्रॉफी और तृतीय स्थान पाने वाली टीम को 11,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट डिफेंडर और बेस्ट फॉरवर्ड को भी विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे।

यूपी हॉकी संघ के अंपायर कराएंगे मुकाबले

टूर्नामेंट संयोजक अमिताभ गौतम ने बताया कि सभी मुकाबले यूपी हॉकी संघ के अंपायरों द्वारा कराए जाएंगे। साथ ही आगरा के राष्ट्रीय स्तर के अंपायर सहयोगी की भूमिका निभाएंगे। सेवन-ए-साइड प्रारूप में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में प्रत्येक टीम में 10 खिलाड़ी होंगे और सभी मुकाबले हॉकी इंडिया के नियमों के अनुसार खेले जाएंगे।

SP_Singh AURGURU Editor