शिर्डी से आएंगी श्री साईंबाबा की पावन चरण पादुकाएं, आगरा में 9-10 दिसंबर को भव्य दर्शन समारोह

आगरा। शहर में दिसंबर माह की शुरुआत भक्तिमय माहौल के साथ होने जा रही है। श्री साईंबाबा की पवित्र चरण पादुका दर्शन यात्रा अब आगरा पहुंचने जा रही है। यह भव्य एवं विशाल आयोजन 9 और 10 दिसंबर को प्रतापपुरा चौराहा के निकट द रमाना ग्रांड वैवाहिक स्थल पर होगा। शिर्डी की तदर्थ समिति, श्री साईबाबा संस्थान विश्वस्त व्यवस्था द्वारा इस आयोजन को सैद्धांतिक अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है।

Nov 11, 2025 - 18:07
 0
शिर्डी से आएंगी श्री साईंबाबा की पावन चरण पादुकाएं, आगरा में 9-10 दिसंबर को भव्य दर्शन समारोह
रमाना ग्राउंड पर हुई बैठक में पहुंचे आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी व अन्य गणमान्य लोग।

आयोजन समिति की बैठक मंगलवार को रमाना ग्रांड में हुई, जिसमें नितिन कोहली को आयोजन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। संयोजक की जिम्मेदारी डा. अशोक रैना को दी गई है। उपाध्यक्ष पद पर पवन अग्रवाल तथा डा. लटूरी सिंह यादव को मनोनीत किया गया। संजय सत्यदेव महासचिव बनाए गए हैं, जबकि वरिष्ठ पत्रकार एल.एस. बघेल को मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। अन्य पदाधिकारियों की घोषणा अगली बैठक में की जाएगी।

संयोजक डा. अशोक रैना ने बताया कि श्री साईंबाबा की चरण पादुकाएं 9 दिसंबर दोपहर 1:30 बजे आगरा पहुंचेंगी। नौ दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक और 10 दिसंबर को प्रातः 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक श्रद्धालुजन चरण पादुकाओं दर्शन का लाभ उठा सकेंगे।

आयोजन स्थल पर दो अलग-अलग गैलरियां बनाई जा रही हैं। एक प्रवेश और दूसरी निकास के लिए। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों को दर्शन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

आयोजकों ने आगरा के अलावा एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, इटावा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज आदि जिलों के साईंभक्तों से अपील की है कि वे शिर्डी साईंबाबा के चरण पादुका दर्शन का लाभ अवश्य उठाएं। आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष 2018 की भांति लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जब लगभग 50 हजार साईंभक्तों ने दर्शन किए थे।

समिति के सदस्यों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए मंच, पंडाल, टैंट, स्वागत द्वार, पार्किंग, सुरक्षा, जलपान व स्वास्थ्य सुविधा जैसी तैयारियों का जायजा लिया। सभी कार्यों के लिए स्वयंसेवक साईंभक्तों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

बैठक में डा. अशोक रैना, नितिन कोहली, बी.के. परिहार, संजय सत्यदेव, संजय अग्रवाल, दिनेश गुप्ता, दीपक बत्रा, दीपा, राजीव पोद्दार, एल.एस. बघेल, मनोज शर्मा (बॉबी), रविंदरपाल सिंह (गुल्लू भाई), मोहन सैनी सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor