आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: डंपर में जा घुसी स्लीपर बस, 10 यात्री घायल

आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डौकी थाना क्षेत्र के किलोमीटर 12 पर सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही एक स्लीपर बस तेज रफ्तार में आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 10 यात्री घायल हो गए।

Jul 8, 2025 - 11:23
 0
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: डंपर में जा घुसी स्लीपर बस, 10 यात्री घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डौकी थाना क्षेत्र में हुए हादसे में क्षतिग्रस्त बस।

-लखनऊ से दिल्ली जा रही थी प्राइवेट बस, ड्राइवर को आई झपकी; पुलिस ने बचाव कार्य कर खुलवाया जाम

रात्रि करीब 1 बजे हुई इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही डौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त बस को हटवाया और कुछ समय के लिए बाधित यातायात को सामान्य कराया।

चालक को झपकी आई, हादसे की बड़ी वजह

प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि बस के चालक को झपकी आ गई थी, जिससे वह बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह सामने चल रहे डंपर में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का ड्राइवर केबिन चकनाचूर हो गया। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

बस में 40 यात्री थे, ये हुए घायल

बस में 40 यात्री सवार थे। हादसे में 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं- प्रदीप कुमार पुत्र रामकिशन, अजीतमल, औरैया, मातादीन पुत्र हरिदास व पत्नी शोभा रानी, निवासी महोबा, अनुज कुमार पुत्र उत्तम कुमार, महोबा, वहीदा पत्नी हुसैन अली, निवासी हमीरपुर मानसिंह पुत्र नाथू सिंह (पता अज्ञात),

यातायात पर भी पड़ा असर

हादसे के चलते एक्सप्रेसवे के उस हिस्से पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक बाधित रहा। पीछे कई वाहन फंस गए थे। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाया और यातायात सुचारू किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हादसे की जांच जारी है। यात्रियों और बस ऑपरेटर से भी पूछताछ की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor