आगरा में होटल स्वामी को सड़क पार करते वक्त कार ने मारी टक्कर, हालत गंभीर
आगरा के कमला नगर थाना क्षेत्र के टंकी चौराहे के पास सेलेब्रेशन होटल से सड़क पार करते समय होटल स्वामी सुरेश चंद गर्ग को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी वाहन चालक मौके से फरार है। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है और पुलिस जांच में जुटी है।
आगरा। आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र में टंकी चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेलेब्रेशन होटल से सड़क पार कर रहे होटल स्वामी सुरेश चंद गर्ग को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि घायल सुरेश चंद गर्ग “बाड़ी वालों” के नाम से क्षेत्र में काफी मशहूर हैं। हादसे के समय वे अपने होटल से बाहर निकलकर सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पार करते समय तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। पुलिस फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने में जुटी है। थाना कमला नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन और चालक का कोई सुराग नहीं लग सका है।
स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों ने टंकी चौराहे पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।