सदर तहसील में बुजुर्ग ने डीजल उड़ेलकर आग लगाने का किया प्रयास, मची अफरातफरी

आगरा। सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान आज उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग अपने शरीर पर डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास करने लगा। आनन फ़ानन में लोगों ने बुजुर्ग को आग लगाने से रोका। बाद में उसे पानी से नहलाकर शरीर से डीजल हटाया।

May 3, 2025 - 17:31
 0
सदर तहसील में बुजुर्ग ने डीजल उड़ेलकर आग लगाने का किया प्रयास, मची अफरातफरी

ग्राम दहतोरा निवासी बुजुर्ग शिवचरण पुत्र दीपचंद अपने खेत के लिए रास्ता निकलवाने के लिए तहसील के कई बार चक्कर लगा चुका था, पर समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा था। बार बार तहसील के चक्कर लगाने से परेशान होकर बुजुर्ग में आत्मघाती कदम उठाने का निर्णय कर लिया। 

आज तहसील परिसर में समाधान दिवस चल रहा था। वहां अधिकारियों के सामने एक बार फिर अपनी समस्या रखी। पर अधिकारियों ने अनसुनी कर दी। इससे हताश और नाराज बुजुर्ग ने अपने ऊपर डीजल डाल लिया। वह आग लगाने ही जा रहा था कि उसे लोगों ने पकड़ लिया और उसके हाथ से डीजल की बोतल और माचिस छीन ली। बाद में पुलिसकर्मी उसे सबमर्सिबल के पास ले गए और पानी से नहलाकर उसके शरीर से डीजल हटाया। 

इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि शिवचरण की शिकायत पर जांच की गई है। खेत के लिए कोई रास्ता नहीं है। हो सकता है कभी कच्चा रास्ता रहा हो जो अब बंद कर दिया गया है।