भारत रुकवा सकता है रूस-यूक्रेन युद्ध,   मोदी के शांति प्रस्ताव पर मॉस्को प्रसन्न,  यूक्रेन ने भी माना कि भारत से प्रस्ताव मिला

रूस ने यूक्रेन युद्ध को लेक भारत के शांति प्रस्ताव का स्वागत किया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा है कि भारत यूक्रेन से जुड़े हालात को सुलझाने में व्यावहारिक योगदान देने के लिए तत्परता व्यक्त कर रहा है। इसके लिए हम भारत का आभारी हैं। यूक्रेन ने भी भारत का प्रस्ताव मिलने की पुष्टि की है।

Oct 7, 2026 - 19:57
 0
भारत रुकवा सकता है रूस-यूक्रेन युद्ध,   मोदी के शांति प्रस्ताव पर मॉस्को प्रसन्न,  यूक्रेन ने भी माना कि भारत से प्रस्ताव मिला

मॉस्को। रूस ने यूक्रेन युद्ध सुलझाने के प्रयासों में भारत के योगदान की तत्परता का स्वागत किया है। ऐसी रिपोर्ट है कि भारत ने रूस और यूक्रेन को शांतिपूर्ण समाधान के लिए एक नया तीन-भाग वाला प्रस्ताव भेजा है। इसी प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने भारत का आभार व्यक्त किया है। उनकी ये टिप्पणी यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा के उस बयान के कुछ दिनों बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि रूस के साथ संभावित युद्धविराम के लिए भारत का प्रस्ताव कीव को प्राप्त चार प्रस्तावों में सबसे व्यापक था।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, पेस्कोव ने कहा, "वास्तव में, भारत यूक्रेन से जुड़े हालात को सुलझाने में व्यावहारिक योगदान देने के लिए तत्परता व्यक्त कर रहा है, और हम इस तत्परता और दिए जा रहे विचारों के लिए अपने भारतीय मित्रों के आभारी हैं।" वहीं, यूक्रेनी विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने शुक्रवार को कीव में पत्रकारों से कहा था कि यूक्रेन को भारत, तुर्की, मिस्र और अमेरिका से चार प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने कहा, "हमारे पास चार प्रस्ताव हैं। इनमें सबसे व्यापक प्रस्ताव भारत का है। हम ऊर्जा और काला सागर पर युद्धविराम के लिए तैयार हैं, लेकिन केवल इसी संयोजन में।"

इस बीच यूक्रेनी विदेश मंत्री सिबिहा ने कहा कि यूक्रेन युद्धविराम के लिए तभी सहमत होगा जब इसमें न केवल लड़ाकू अभियान शामिल हों, बल्कि ऊर्जा और बंदरगाह के बुनियादी ढांचे पर हमले और काला सागर की स्थिति भी शामिल हो। काला सागर यूक्रेन की लाइफलाइन है और उसके कुल व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी के जरिए होता है। हालांकि, रूस ने काला सागर में नेवल ब्लॉकेड लगाया हुआ है और यूक्रेन जाने वाले जहाजों पर हमले कर रहा है। इससे यूक्रेन का समुद्री व्यापार लगभग ठप पड़ा हुआ है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि संघर्ष के आपसी समाधान के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास "बहुत अच्छे विचार" हैं। गुरुवार को वल्दाई अंतर्राष्ट्रीय चर्चा क्लब की वार्षिक बैठक में बोलते हुए पुतिन ने कहा, "युद्धों को समाप्त करने के संबंध में प्रधानमंत्री मोदी के रुख के बारे में मैं कह सकता हूं कि वे उन विश्व नेताओं में से एक हैं जो व्यक्तिगत स्तर सहित हमारे बहुत अच्छे, यहां तक ​​कि मैत्रीपूर्ण संबंधों के बावजूद, यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने के मुद्दे को लगातार उठाते हैं और इस बारे में सवाल पूछते हैं।" पुतिन ने आगे कहा कि मोदी "हमारी हर बैठक में इन मामलों को उठाते हैं और इनमें गहरी दिलचस्पी लेते हैं।"