भारत ने रच दिया इतिहास, महिला क्रिकेट टीम के सामने ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हार
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे वनडे में 102 रन से रौंद दिया। ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की ये सबसे बड़ी हार है।
मुल्लांपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया की टीम को तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले में 102 रन से हरा दिया है। वनडे क्रिकेट के इतिहास में ये ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की अबतक की सबसे बड़ी हार है। इस मैच में स्मृति मंधाना के शतक के दम पर टीम इंडिया ने बोर्ड पर 292 रन लगाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम सिर्फ 190 रन पर ऑलआउट हो गई।
291 रन के टारगेट का बचाव करते हुए टीम इंडिया के गेंदबाजों ने शुरू से ही कमाल का प्रदर्शन किया। खासकर क्रांति गौड़ ने एक बार फिर दिखाया कि वे कितनी शानदार गेंदबाज हैं। उन्होंने इस मुकाबले में तीन विकेट हासिल किए। वहीं 2 विकेट दीप्ति शर्मा ने लिए। इसके अलावा रेनुका सिंह, स्नेह राणा, अरुणदत्ती रेड्डी और राधा यादव ने एक-एक विकेट हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलीस पेरी ने 44 और एनाबेल सदरलैंड ने 45 रन बनाकर थोड़ा संघर्ष जरूर किया लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला पाईं।
बाएं हाथ की विस्फोटक ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना के वनडे करियर के 12वें शतक की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महाराजा यादविन्द्र सिंह पीसीए स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 293 रन का लक्ष्य दिया है। स्मृति मंधाना ने भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे तेज वनडे शतक लगाया। मंधाना ने 77 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। भारत की तरफ से महिला क्रिकेट का सबसे तेज वनडे शतक लगाने का रिकॉर्ड भी मंधाना के नाम ही है। इस साल की शुरुआत में उन्होंने 70 गेंदों पर शतक लगाया था।
मंधाना के 91 गेंदों पर 4 छक्के और 14 चौके की मदद से बनाए 117 रन की मदद से भारतीय टीम ने 49.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 292 रन बनाए। दीप्ति शर्मा ने 40, विकेटकीपर ऋचा घोष ने 29, प्रतिका रावल ने 25 और स्नेह राणा ने 24 रन बनाए। मंधाना के अलावा किसी अन्य बल्लेबाज की बड़ी पारी आई होती, तो स्कोर 325 के ऊपर जा सकता था।
ऑस्ट्रेलिया के लिए डॉर्सी ब्राउन ने 8 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट लिए। एश्ले गार्डनर ने 2, मेगान स्कट, एनाबेल सदरलैंड, ताहिला मैक्ग्रा ने 1-1 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया ने 8 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। ऑस्ट्रेलिया और भारतीय महिला क्रिकेट टीम के बीच खेली जा रही तीन वनडे मैचों की सीरीज विश्व कप से पहले दोनों टीमों के लिए अभ्यास का बड़ा अवसर है।
ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ विश्व कप से पहले वनडे सीरीज भारतीय टीम के परिपेक्ष्य में देखा जाए तो बेहद अहम है। भारतीय टीम पहले वनडे में 281 रन बनाकर भी हार गई थी। सीरीज में बने रहने के लिए भारत को दूसरा वनडे किसी भी हाल में जीतना होगा। 292 रन को डिफेंड कर भारतीय गेंदबाज अपनी क्षमता को साबित कर सकती हैं।