भारत ने साउथ अफ्रीका को पहले टी20 में हराया  

टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज का शानदार आगाज किया है। पहले मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 100 रन के पार भी नहीं पहुंचने दिया और जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम को यह जीत दिलाई।

Dec 9, 2025 - 22:42
 0
भारत ने साउथ अफ्रीका को पहले टी20 में हराया  

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत टीम इंडिया ने काफी शानदार अंदाज में की है। भारतीय टीम ने सीरीज के पहले मुकाबले को 101 रनों से अपने नाम कर लिया। भारत ने इस मुकाबले को जीतने के साथ ही 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने इस मुकाबले में ऑलराउंड प्रदर्शन किया। हालांकि गेंदबाजों का प्रदर्शन सबसे बेस्ट रहा। उन्होंने साउथ अफ्रीका को 100 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंचने दिया और उन्हें सिर्फ 74 रन पर ही ऑलआउट कर दिया।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए इस मुकाबले की बात करें तो इस मैच में साउथ अफ्रीकी कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। इसके बाद टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 12.3 ओवर में 74 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने बड़ी आसानी के साथ इस मुकाबले को 101 रनों से जीत लिया।  

हार्दिक पंड्या ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मुकाबले में कमाल का खेल दिखाया। उन्होंने पहली पारी में बल्ले और दूसरी पारी में गेंद से कमाल किया। मैच की पहली पारी में सिर्फ हार्दिक को छोड़कर भारत का कोई भी बल्लेबाज 30 रन तक नहीं बना सका। हार्दिक पंड्या ने इस मैच में 28 गेंदों पर 59 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के जड़े।


बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी हार्दिक पंड्या ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 2 ओवर में 16 रन देकर एक विकेट लिया। इस मैच में उन्होंने दो बड़े रिकॉर्ड भी बनाए। पहले उन्होंने इस मुकाबले के दौरान अपने 100 टी20 इंटरनेशनल छक्के पूरे किए और इसके बाद गेंदबाजी के समय उन्होंने 100 टी20 इंटरनेशनल विकेट भी पूरा किया। हार्दिक के अलावा गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट झटके। जिसके कारण टीम इंडिया ने आसानी से मैच जीता।