इंडियन क्लब को मिली नई कमान: निर्विरोध अध्यक्ष बने राजेश मित्तल
आगरा। सुभाष पार्क स्थित इंडियन क्लब की कार्यकारिणी का चुनाव शुक्रवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में निर्विरोध सम्पन्न हुआ। क्लब की अध्यक्षता अब राजेश मित्तल करेंगे। सुखदेव गिडवानी उपाध्यक्ष तथा सुधीर भोजवानी सचिव निर्वाचित हुए हैं।
-पूरी कार्यकारिणी बगैर चुनाव के निर्वाचित, उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा ने सौंपे प्रमाण पत्र
क्लब चुनाव की प्रक्रिया के अनुसार 29 जून को मतदान प्रस्तावित था, लेकिन सभी पदों पर एक-एक ही नामांकन जमा हुए, जिससे मतदान की आवश्यकता ही नहीं पड़ी। उपाध्यक्ष पद पर अनिल कुमार गुप्ता ने नामांकन तो किया था, लेकिन 27 जून को उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया, जिससे सुखदेव गिडवानी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
सभी पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा, कलेक्ट्रेट आगरा मुनेश कुमार गुप्ता ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर क्लब में उल्लास का वातावरण रहा।
सचिव सुधीर भोजवानी ने दी जानकारी
नवनिर्वाचित सचिव सुधीर भोजवानी ने बताया कि क्लब के चुनाव में पारदर्शिता, सहमति और सौहार्द की मिसाल कायम हुई है। क्लब को आगे और अधिक सक्रिय एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में नई कार्यकारिणी संकल्पित है।
नवगठित कार्यकारिणी में ये सदस्य शामिल
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, पी.के. मिश्रा, सरदार मनमोहन सिंह, गौरव अरोड़ा, राजेश मनमानी और सुशील कपूर को सदस्य चुना गया है। सभी ने टीम भावना से कार्य करने का संकल्प दोहराया।