अमेरिका में भारतीय मूल की शालिनी की हत्या,   16 साल छोटे लड़के ने गोली मारी, खुद की भी दी जान

शालिनी का पीछा किया गया और सैक्रामेंटो में उनके काम की जगह के बाहर रोहित ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। बाद में रोहित ने भी कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

Sep 12, 2026 - 21:57
 0
अमेरिका में भारतीय मूल की शालिनी की हत्या,   16 साल छोटे लड़के ने गोली मारी, खुद की भी दी जान


वॉशिंगटन। अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की एक महिला शालिनी ठाकुर की हत्या कर दी गई। कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में मंगलवार को भारतीय मूल की 38 साल की एक महिला का पीछा किया गया और रेस्टोरेंट के बाहर उनको गोली मार दी गई। हत्या करने वाले की पहचान 22 साल के रोहित नाम के शख्स के तौर पर हुई। दावा है कि रोहित को जब एक व्यस्त हाईवे पर पुलिस की टीम ने घेरा तो उसने आत्महत्या कर ली।

सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ ऑफिस के अनुसार, शालिनी सैक्रामेंटो के आर्डन आर्केड इलाके में एक शॉपिंग प्लाजा में काम करती थीं। काम पर जाने के दौरान ही रोहित नाम के संदिग्ध ने उसका पीछा किया और उनकी हत्या कर दी। अधिकारियों के अनुसार, रोहित बिना वैध कागजात वाला अप्रवासी था, जिसे पहले भी एरिजोना में हिरासत में लिया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि शालिनी जान बचाने की कोशिश करते हुए भागीं लेकिन रोहित ने पीछा किया और कई गोलियां मारी। अधिकारियों को शालिनी होवे एवेन्यू के 800 ब्लॉक में पनेरा ब्रेड रेस्टोरेंट के बाहर बेसुध हालत में मिली। मेडिकल टीम ने उनको मौके पर ही मृत घोषित कर दिया। लोगों ने पुलिस को संदिग्ध की गाड़ी का हुलिया बताया, जिसे सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ ऑफिस के ऑटोमेटेड लाइसेंस प्लेट रीडर सिस्टम में दर्ज किया गया।

लेफ्टिनेंट अमर गांधी के अनुसार, गाड़ी की आखिरी लोकेशन जल्द ही पता चल गई। कुछ ही मिनटों बाद गाड़ी ईस्टबाउंड हाईवे 50 पर मिली। अमर ने बताया कि जब अधिकारियों ने गाड़ी को रोकने की कोशिश की तो रोहित ने अचानक ब्रेक लगाए और हाईवे पर गाड़ी रोक दी। उसके पास जाने पर पाया गया कि वह ड्राइवर सीट पर पड़ा है। उसकी हालत से ऐसा लग रहा था कि उसने खुद को गोली मारी है।

शालिनी की मां सुदेश कुमारी ने बताया कि रोहित एक साल से 38 वर्षीय शालिनी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। उन्होंने बताया कि रोहित उनकी बेटी से शादी करना चाहता था लेकिन उम्र के अंतर की वजह से उसने मना कर दिया। इससे रोहित भड़का हुआ था।

कोर्ट के दस्तावेजों से पता चलता है कि पीछा करने (स्टॉकिंग) का सिलसिला सितंबर 2025 के आसपास शुरू हुआ और गंभीर होता गया। रोहित ने शालिनी पर शादी करने का दबाव डाला और वह किसके साथ मेल-जोल रखे, इस पर भी कंट्रोल करने की कोशिश की। ऐसे में तनाव लगातार बढ़ता गया।