आर्य समाज का प्रेरक प्रयास: सर्वसमाज के 250 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

  आगरा। शहर के जयपुर हाउस स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में एक आत्मीय और प्रेरणादायी दृश्य उस समय देखने को मिला जब आर्य वीर दल एवं आर्य वीरांगना दल ने सर्वसमाज के 250 मेधावी छात्र-छात्राओं को एक सूत्र में पिरोकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया।

Jun 29, 2025 - 17:55
 0
आर्य समाज का प्रेरक प्रयास: सर्वसमाज के 250 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
जयपुर हाउस के आर्य समाज मंदिर में सम्मानित किये गये मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ अतिथिगण।  

मुख्य अतिथि डॉ. देवी सिंह नरवार ने इस अवसर पर कहा कि यह अभिनव आयोजन समाज में समरसता और समभाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा, यदि हर संगठन केवल अपने समाज के बच्चों को सम्मानित करेगा तो फिर कमजोर वर्ग के बच्चों की प्रतिभा कौन पहचानेगा? आर्य समाज का यह आयोजन इस दिशा में एक अनुकरणीय पहल है।

संचालक वीरेंद्र कनवर ने बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों में से 78 से 100 प्रतिशत अंक लाने वाले मेधावियों को बिना जाति-धर्म देखे अंक आधारित चयन कर सम्मानित किया गया।

समारोह में विद्यार्थियों को डॉ. देवी सिंह नरवार, सीए मनोज खुराना एवं आर्यरत्न उमेश कुलश्रेष्ठ ने प्रशस्ति पत्र, मैडल और वैदिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंत्री अनुज आर्य, कोषाध्यक्ष राकेश तिवारी, संचालिका प्रेमा कनवर, रितिका अरोरा, अश्वनी आर्य, सुधीर अग्रवाल, सुमन कुलश्रेष्ठ, अभय यादव, प्रदीप डेमला, अन्नपूर्णा शर्मा, वेद सिंधु, विवेक त्रिगुनायक, अर्जुन देव महाजन, अश्वनी डेमला समेत अनेक गणमान्यजनों की उपस्थिति रही।

आर्य समाज द्वारा किए गए इस आयोजन ने समाज में प्रतिभा को नई ऊर्जा, समरसता को विस्तार और शिक्षा को सम्मान प्रदान किया।

SP_Singh AURGURU Editor