महामना मालवीय मिशन के 48वें स्थापना दिवस पर जुटे बुद्धिजीवी, शिक्षा, संस्कृति के पुनर्जागरण का संकल्प
आगरा। महामना मालवीय मिशन का 48वां स्थापना दिवस आगरा में अत्यंत गरिमापूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ, जहां शिक्षा, राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक जागरण के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का मजबूत संकल्प लिया गया। न्यू आगरा स्थित समृद्ध सागर अपार्टमेंट में आयोजित इस कार्यक्रम में बुद्धिजीवियों, कवियों, अधिवक्ताओं, कुलपतियों और विभिन्न संस्थानों के निदेशकों सहित लगभग 50 गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय हिंदी संस्थान की पूर्व निदेशिका प्रो॰ बीना शर्मा उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो-वाईस चांसलर प्रो॰ वेद प्रकाश त्रिपाठी ने की।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधनों में पंडित मदन मोहन मालवीय के आदर्शों शिक्षा, राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को आज के समय में और अधिक प्रासंगिक बताते हुए उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मालवीय मिशन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक वैचारिक क्रांति है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष ने मिशन की वांग्मय परियोजना और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संगठन आने वाली पीढ़ियों को दिशा देने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है।
महासचिव राकेश चंद्र शुक्ला ने भविष्य में और अधिक व्यापक, प्रभावशाली और भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजना साझा की। कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष प्रो॰ वी.के. सिंह ने सभी अतिथियों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रभाकर शर्मा (आईआरएस), प्रो॰ नीलम यादव, श्रीमती आरती शर्मा, नरेंद्र शर्मा, उमा शंकर मिश्रा, अनिल सान्याल, प्रो॰ शिव कुमार सिंह, प्रो॰ सुभदा पाण्डेय, डॉ. अमिता त्रिपाठी, राजेंद्र मिलन, डॉ॰ असीमानंद, आचार्य उमाशंकर, रामेंद्र शर्मा, प्रो॰ एस.एन. शर्मा, श्रुति सिन्हा, अमित लवानिया, ईशान देव, एडवोकेट संजय कुमार, चतुर्भुज तिवारी, ऋतु गोयल, प्रो॰ पी.एन. अस्थाना, मुकेश जादौन, के.एम. लाल, प्रो॰ पूर्णिमा जैन, प्रेम चावला एवं प्रो॰ प्रमिला चावला सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग के महासचिव राकेश चंद्र शुक्ला द्वारा किया गया।