इंटर जोनल गर्ल्स, अंडर-19 क्रिकेट टीम क्रिकेट टीम चयन प्रक्रिया आगरा में शुरू
आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, आगरा द्वारा आयोजित इंटर जोनल गर्ल्स, अंडर-19 क्रिकेट टीम 2025-26 की चयन प्रक्रिया 15 सितम्बर से प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल एवं स्पोर्ट्स विजार्ड के मैदानों पर शुरू हुई। तीन दिवसीय चयन शिविर में आगरा के साथ हाथरस, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर और अलीगढ़ की कुल 108 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें छह टीमों में बांटा गया है। ये खिलाड़ी अपने खेल कौशल से चयनकर्ताओं को प्रभावित कर प्रदेश की टीम में जगह बनाने का प्रयास कर रही हैं।
-17 सितम्बर तक चलेगा सेलेक्शन ट्रायल, 108 प्रतिभागी खिलाड़ी दिखा रहीं हुनर
15 सितम्बर को नव निर्मित पिच का उद्घाटन एवं चयन प्रक्रिया का शुभारंभ मुख्य अतिथि डा. रंजना बंसल द्वारा किया गया। इस अवसर पर डीसीएए अध्यक्ष सुनील जोशन ने कहा कि महिला क्रिकेट की उन्नति के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है और नई प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए यह चयन प्रक्रिया महत्वपूर्ण है।
डा. रंजना बंसल ने विद्यालय प्रबंधन के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इन युवा खिलाड़ियों में भविष्य की चैंपियन बनने की क्षमता है, इन्हें सही मार्गदर्शन और सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने खिलाड़ियों को कठिन परिश्रम, दृढ़ता और समायोजन को सफलता के आधारभूत तत्व बताते हुए प्रेरित किया।
प्रिल्यूड के निदेशक डॊ. सुशील गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और विश्वास है कि यहां से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सामने आएंगी।
पहले दिन हुए मुकाबले
पहले दिन टीम A और टीम C के बीच मुकाबला प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल मैदान पर खेला गया, जबकि टीम B और टीम D के बीच मैच स्पोर्ट्स विजार्ड मैदान पर हुआ। खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का भरसक प्रयास किया।
कार्यक्रम में विजय भार्गव (उपाध्यक्ष, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा), राजेश सहगल (उपाध्यक्ष, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा), सर्वेश भटनागर, अनीस राजपूत, करन कंडोई, नेम सिंह, तूलिका कपूर, अरविंद श्रीवास्तव, गायत्री यादव, शिखा झींगरन, अजय कर्दम, मनोज कुशवाहा, दया राजपूत, द्रवित शर्मा, नीतू सिंह, रचना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।