रील का नशा, नियमों की बलि, आगरा में चलती सड़क बना दी जिम, बस रोककर लगाए पुश-अप
आगरा। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत अब सड़कों की सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है। ताजा मामला आगरा के बिजलीघर बस अड्डे के सामने का है, जहां एक युवक ने रील बनाने के चक्कर में बस को बीच सड़क पर रुकवाकर उसके सामने पुश-अप लगाने शुरू कर दिए। यह पूरी घटना किसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

रील शूट करने की इस हरकत से कुछ ही देर में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर बस रुकते ही पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने इस लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई और इसे जानबूझकर किया गया ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन बताया।
मामला तब और तूल पकड़ गया जब यह वीडियो X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया गया और आगरा पुलिस को टैग कर शिकायत की गई। शिकायत मिलते ही रकाबगंज थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रहे युवक और बस चालक की पहचान की जा रही है। यदि जांच में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि रील या वीडियो बनाने के नाम पर सड़क पर इस तरह की हरकतें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि क्या कुछ सेकेंड की वायरल रील के लिए लोगों की जान और सार्वजनिक व्यवस्था को खतरे में डालना जायज है? पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया के लिए स्टंट करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें।