आईपीएल खत्म, टीम इंडिया के इस साल के शेड्यूल जारी, अफगानिस्तान के साथ एकमात्र टेस्ट छह जून से

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अलग अलग टीमों की तरफ से खेलने के बाद अब एक साथ खेलने उतरेंगे। टूर्नामेंट के तुरंत बाद भारत का सामना एक मात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान के साथ होना है। वहीं आईपीएल में धमाका करने वाले वैभव सूर्यवंशी इंडिया ए की तरफ से श्रीलंका में टाई सीरीज खेलने उतरेंगे।

Jun 1, 2026 - 21:35
 0
आईपीएल खत्म, टीम इंडिया के इस साल के शेड्यूल जारी, अफगानिस्तान के साथ एकमात्र टेस्ट छह जून से

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के खत्म होने के तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट टीम का इंटरनेशनल सीजन फिर से शुरू होगा। इसी महीने के पहले हफ्ते में टीम इंडिया अपने पहले मुकाबले में खेलने उतरेगी। 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। इस टेस्ट टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे। केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
 
इस एकमात्र टेस्ट के बाद भारतीय टीम अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारी की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से करेगी। इस सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा वापसी करेंगे। दोनों ने टेस्ट और टी20 से संन्यास ले लिया है। इसके अलावा तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया ए टीम 9 से 21 जून तक श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के साथ ट्राई-सीरीज खेलेगी। इंडिया ए टीम में आईपीएल 2026 के ऑरेंज कैप विजेता वैभव सूर्यवंशी, उपकप्तान रुतुराज गायकवाड़ के अलावा ओपनर प्रभसिमरन सिंह और प्रियंश आर्य शामिल हैं।

जून में भारत दो टी20 मैचों के लिए आयरलैंड भी जाएगा। इसके बाद 1 से 19 जुलाई के बीच इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 और तीन वनडे मैच खेलेगा। 2026 में भारत जिम्बाब्वे का दौरा भी करेगा। जहां तीन टी20 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद भारत वेस्टइंडीज की मेजबानी करेगा, जिसमें तीन वनडे और पांच टी20 मैच होंगे। साल के अंत में भारत श्रीलंका के खिलाफ घर में तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगा।