अमेरिकी हमले के बाद ईरान की धमकी, अमेरिका का हर नागरिक और जवान अब हमारा टारगेट

तेहरान। ईरान के खिलाफ इजरायल की जंग में अमेरिका भी कूद गया है। अमेरिका ने ईरान में तीन परमाणु ठिकानों को अपने निशाना बनाया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी जानकारी दी है। अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले के बाद ईरान की सरकारी टीवी पर एक एक्सपर्ट ने कहा है कि अब हर अमेरिकी नागरिक और सैनिक जो इस इलाके में हैं, वह हमारे निशाने पर हैं। टीवी चैनल पर मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों का नक्शा भी दिखाया गया। कमेंटेटर ने कहा, “तुमने शुरुआत की है, अब इसे खत्म हम करेंगे।”

Jun 22, 2025 - 08:07
 0
अमेरिकी हमले के बाद ईरान की धमकी, अमेरिका का हर नागरिक और जवान अब हमारा टारगेट

उधर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले को साहसिक और ऐतिहासिक फैसला बताया है।  नेतन्याहू ने कहा कि यह कदम इतिहास में दर्ज होगा और डोनाल्ड ट्रंप को उस नेता के रूप में याद किया जाएगा जिसने दुनिया के सबसे खतरनाक शासन को सबसे खतरनाक हथियार हासिल करने से रोका।

अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों पर किए गए हमलों को लेकर ईरान का परमाणु ऊर्जा संगठन जल्द ही एक आधिकारिक बयान जारी कर सकता है। इस बयान के जरिए परमाणु संगठन इस बात की जानकारी देगा कि अमेरिकी हमलों में इसके ठिकानों को कितना नुकसान हुआ।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने पुष्टि की है कि अमेरिका ने नतांज और इस्फहान के परमाणु केंद्रों के आसपास हवाई हमले किए हैं। इससे पहले तसनीम न्यूज एजेंसी ने फोर्डो परमाणु साइट पर हमले की जानकारी दी थी। इस्फहान के गवर्नर के सलाहकार अकबर सालेही ने बताया, “हमने नतांज और इस्फहान के परमाणु केंद्रों के पास हमले होते देखे हैं।” सालेही ने यह भी कहा कि इन दोनों शहरों में कई तेज धमाकों की आवाजें सुनी गई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।