आईसीएआर के डीम्ड विश्वविद्यालयों में आईवीआरआई बरेली पहला संस्थान बना जिसे मिला एनएएसी का A++ ग्रेड
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के अंतर्गत संचालित बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से सर्वोच्च A++ ग्रेड प्राप्त कर अभूतपूर्व उपलब्धि दर्ज की है। यह मान्यता न केवल इसके 135 वर्षीय गौरवशाली इतिहास को नई ऊंचाइयों पर ले जाती है, बल्कि इसे आईसीएआर के डीम्ड विश्वविद्यालयों में सबसे पहले A++ ग्रेड प्राप्त करने का गौरव भी प्रदान करती है।
-आरके सिंह-
बरेली। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरई), इज्जतनगर, बरेली ने एक ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है। राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (नैक) ने आईवीआरई को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, सुदृढ़ बुनियादी ढांचे और समग्र प्रदर्शन के आधार पर सर्वोच्च A++ ग्रेड से सम्मानित किया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर संस्थान के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि A++ ग्रेड मिलना हमारे वैज्ञानिकों, शिक्षकों, छात्रों और प्रशासनिक टीम की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। यह केवल एक ग्रेड नहीं, बल्कि वैश्विक मानकों पर आधारित पशु चिकित्सा विज्ञान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह उपलब्धि हमें देश की खाद्य सुरक्षा और पशुधन समृद्धि को सुनिश्चित करने हेतु और अधिक प्रयास करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने आगे कहा कि संस्थान का उद्देश्य आईवीआरआई को पशु चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में विश्व के शीर्ष संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करना है। A++ ग्रेड प्राप्त करने के बाद संस्थान सतत गुणवत्ता सुधार और अनुसंधान प्रगति के लिए और अधिक संकल्पित है।
डॉ. दत्त ने यह भी बताया कि संस्थान ने 4 में से 3.58 सीजीपीए का असाधारण स्कोर प्राप्त किया है, जो इसे देश के शीर्ष शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों की सूची में और मजबूत स्थान प्रदान करता है। इस उपलब्धि के साथ आईवीआरआई, आईसीएआर के डीम्ड विश्वविद्यालयों में A++ ग्रेड प्राप्त करने वाला पहला संस्थान बन गया है।
नैक की यह उच्च स्तरीय ग्रेडिंग वर्ष 2018 से 2023 तक संस्थान के समग्र प्रदर्शन, अनुसंधान उपलब्धियों, तकनीकी विकास, पशु स्वास्थ्य सेवाओं और विस्तार कार्यक्रमों के विस्तृत मूल्यांकन पर आधारित है।
135 वर्ष से अधिक के गौरवपूर्ण इतिहास वाले आईवीआरआई के लिए यह उपलब्धि एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ती है। संस्थान ने देश में पशु स्वास्थ्य, पशुधन उत्पादन, जैव सुरक्षा और वैज्ञानिक नवाचार के क्षेत्र में अपने नेतृत्व और समर्पण को पुनः सिद्ध किया है।