सीएम योगी से मिल जाटव सम्मान, दलित आरक्षण और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की उठाई आवाज

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भारतीय जाटव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उनके लखनऊ स्थित आवास पर भेंट की और समाज के आत्म-सम्मान, सामाजिक न्याय तथा सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा को लेकर 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री से हुई इस सौहार्दपूर्ण वार्ता में समाज के उत्थान से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण मांगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह कर रहे थे। 

Aug 4, 2025 - 18:35
 0
सीएम योगी से मिल जाटव सम्मान, दलित आरक्षण और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की उठाई आवाज
लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात के दौरान उन्हें भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट करते भारतीय जाटव समाज के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह एवं अन्य पदाधिकारी।

भारतीय जाटव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को दिया नौ सूत्रीय मांग पत्र

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि बाबा साहेब ने जो राह दिखाई, आज उसका अनुसरण कर समाज को आगे लाने की जिम्मेदारी सबकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने विषम परिस्थितियों में शिक्षा हासिल कर सामाजिक क्रांति की नींव रखी। अब आवश्यकता इस बात की है कि समाज के सक्षम लोग बाकी लोगों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित हों।

प्रमुख मांगें जो रखीं गईं मुख्यमंत्री के सामने

जाति प्रमाणपत्रों में 'जाटव' शब्द सम्मानजनक रूप में दर्ज किया जाए। सीएम को बताया गया कि पूर्वांचल के जिलों में अब भी जाति प्रमाणपत्रों में अपमानजनक शब्द प्रयुक्त किए जा रहे हैं। संगठन ने मांग की कि केवल 'जाटव' शब्द लिखा जाए। छत्तीसगढ़ मॉडल को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।

निजी क्षेत्र में दलित युवाओं को आरक्षण मिले

संगठन का कहना है कि जब उद्योगपतियों को सरकारी ज़मीन, ऋण व छूट मिलती है तो उन्हें सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत दलितों को नौकरियों और प्रशिक्षण में प्राथमिकता देनी चाहिए।

शाहदरा बुद्धा पार्क को 'राजकीय पर्यटन पार्क' का दर्जा मिले

आगरा के शाहदरा में स्थित बुद्धा पार्क को राजकीय पर्यटन पार्क का दर्जा देने की मांग करते हुए सीएम मांग की गई कि इस स्थान को पर्यटन और सामाजिक दृष्टि से पर्यटन विकास की मांग की गई।

आगरा के बुद्ध विहार, आगरा का सौंदर्यीकरण व विकास कर इसे सामाजिक चेतना केंद्र के संरक्षण की मांग की गई। आगरा जिला अस्पताल का नाम 'डॉ. भीमराव अंबेडकर' के नाम पर रखा जाए स्वास्थ्य संस्थानों को दलित महापुरुषों के नाम से जोड़ने की अपील की गई। धनौली के 100 परिवारों की बेदखली पर रोक लगाते हुए  भूमि परिवर्तन किया जाए। नगला कारे के निवासियों को भूमि पर अधिकार दिलाने की मांग की गई।

धनौली और अजीजपुर को नगर पंचायत घोषित करने और दोनों गांवों की आबादी दो लाख से अधिक होने के कारण नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग भी सीएम से की गई। 

प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय संगठन सचिव अनिल कुमार, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह, लोकेश कुमार, तेज कपूर सहित अन्य पदाधिकारी।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सभी बिंदुओं पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अंत में संगठन की ओर से उन्हें भगवान बुद्ध की पीतल की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor