जेवर एयरपोर्ट का नामकरण गुरु तेग बहादुर के नाम पर हो, गुरुद्वारे के सामने मेट्रो स्टेशन पर आपत्ति
आगरा। धन-धन श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज की 350वीं शहीदी शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में धार्मिक यात्राएं, कीर्तन समागम और नगर कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 12 और 13 जुलाई को दो महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राएं आगरा स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंच रही हैं। इस सिलसिले में शुक्रवार को गुरुद्वारा गुरु का ताल पर हुई बैठक में जेवर एयरपोर्ट का नामकरण गुरु तेग बहादुर साहिब के नाम पर करने की मांग के साथ ही गुरु का ताल के सामने मेट्रो स्टेशन को लेकर आपत्ति भी जताई गई।
-श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित धार्मिक यात्राओं का होगा आगरा आगमन,
-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जुलाई को रवाना करेंगे पहली धार्मिक यात्रा
पहली यात्रा 12 जुलाई को लखनऊ से रवाना होगी, जो अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परमिंदर सिंह के नेतृत्व में गुरुद्वारा नाका हिंडोला, लखनऊ से आरंभ होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पहुंचेगी। मुख्यमंत्री वहां कीर्तन समागम में भाग लेने के बाद यात्रा को रवाना करेंगे। यह यात्रा कानपुर, इटावा, फिरोजाबाद होते हुए शाम तक आगरा पहुंचेगी। रात्रि विश्राम के उपरांत 13 जुलाई को सुबह 10 बजे तक दीवान सजेगा और फिर यात्रा दिल्ली के गुरुद्वारा शीशगंज के लिए रवाना होगी।
आनंदपुर साहिब से निकला नगर कीर्तन 13 जुलाई को पहुंचेगा आगरा
दूसरी धार्मिक यात्रा, नगर कीर्तन के रूप में, 11 जुलाई को पंजाब के आनंदपुर साहिब से प्रारंभ हुई है। यह यात्रा मथुरा, रुनकता और सिकंदरा होते हुए 13 जुलाई की शाम को गुरुद्वारा गुरु का ताल, आगरा पहुंचेगी। रात्रि विश्राम के बाद 14 जुलाई की सुबह 7 बजे यह नगर कीर्तन मथुरा, फरीदाबाद होते हुए दिल्ली के गुरुद्वारा शीशगंज पर सम्पन्न होगा।
स्वागत की तैयारियां जोरों पर, पुष्प वर्षा और शोभायात्रा का होगा आयोजन
यात्राओं के स्वागत हेतु गुरुद्वारा गुरु का ताल सेवा जत्था की ओर से स्वागत व रवानगी कार्यक्रमों के पोस्टर विमोचन का आयोजन किया गया। कवलदीप सिंह, हरपाल सिंह और वीर महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि यात्राओं का आगरा आगमन पर पुष्प वर्षा, शोभायात्रा और भव्य स्वागत किया जाएगा। विदाई भी श्रद्धा और सम्मान के साथ की जाएगी।
जेवर एयरपोर्ट का नाम गुरु तेग बहादुर साहिब के नाम पर रखने की मांग
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के नाम पर रखने की मांग उठाई गई। गुरुद्वारा माईथान के प्रधान कमलदीप सिंह, वीर महेंद्र पाल, दलजीत सिंह सेतिया, गुरमीत सेठी सहित विभिन्न सिख संस्थाओं ने संयुक्त रूप से केंद्र और राज्य सरकार से यह मांग रखी कि गुरु साहिब जी के बलिदान को सम्मान देने हेतु यह नामकरण उपयुक्त होगा, विशेषकर जब नवंबर में एयरपोर्ट का उद्घाटन और शहीदी वर्ष एक साथ पड़ रहे हैं। मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने कहा कि यह मांग पूरे सिख समाज की भावना का प्रतिनिधित्व करती है।
गुरुद्वारे के सामने प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन पर जताई गई कड़ी आपत्ति
बैठक में गुरुद्वारा गुरु का ताल के ठीक सामने निर्मित हो रहे मेट्रो स्टेशन पर आपत्ति दर्ज कराई गई। जत्थेदार राजेंद्र सिंह ने कहा कि इससे पवित्र स्थल की गरिमा पर प्रतिकूल असर पड़ेगा, क्योंकि स्टेशन के आसपास बीड़ी-सिगरेट, पान की दुकानें और थूकने जैसी गतिविधियों से वातावरण दूषित हो सकता है।
परमजीत सरना, डॉ. सिमरन उपाध्याय, ज्ञानी कुलविंदर सिंह, बंटी ग्रोवर, श्याम भोजवानी समेत अन्य सदस्यों ने स्टेशन को 200 मीटर आगे या पीछे स्थानांतरित करने की मांग रखी। सिंधी समाज की ओर से श्याम भोजवानी ने कहा कि स्टेशन की वजह से आपत्तिजनक तत्वों का जमावड़ा, ऑटो चालकों की भीड़ और सुरक्षा में सेंध जैसे खतरे बढ़ेंगे।
बंटी ग्रोवर ने आश्वासन दिया कि यह विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और प्रशासन से जल्द से जल्द स्टेशन स्थानांतरण की मांग की जाएगी।
कार्यक्रम में ये गणमान्यजन मौजूद रहे
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह, वरिष्ठ सेवक जत्थेदार राजेंद्र सिंह, ग्रंथी हरबंस सिंह, धार्मिक पदाधिकारी महंत हरपाल सिंह, गुरुद्वारा माईथान के प्रधान कमलदीप सिंह, सुखमनी सेवा सभा से वीर महेंद्र पाल सिंह, हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सिमरन उपाध्याय, प्रबंधक सदस्य दलजीत सिंह सेतिया एवं गुरमीत सेठी, सिंधी समाज के प्रतिनिधि श्याम भोजवानी, परमजीत सिंह सरना, हरपाल सिंह, बंटी ग्रोवर तथा मीडिया एवं आयोजन समिति से जसबीर सिंह अरोड़ा और बॉबी बेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित रहे।