आगरा के कारगिल चौराहे पर शोरूम के अंदर घुसकर ज्वेलर की हत्या, लूटपाट
आगरा। आगरा में दिल दहला देने वाली खबर आ रही है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में कारगिल चौराहे पर दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम के बाहर लूट करते बदमाशों ने ज्वेलर की गोली मार कर हत्या कर दी है। ज्वेलर की हत्या के साथ ही बदमाश शोरूम से लूटपाट भी कर ले गये।
-बाइक पर सवार होकर आये दो लुटेरों में से एक को शोरूम मालिक ने पकड़ लिया था, दूसरे ने गोली मार दी
-दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में दहशत व्याप्त, एक सप्ताह के अंदर हुई दूसरी बड़ी आपराधिक घटना
कारगिल पेट्रोल पम्प के पास फॊर्च्यून टॊवर में बालाजी ज्वेलर्स का शोरूम है। आज दोपहर में बाइक पर सवार होकर दो बदमाश शोरूम के अंदर घुस आये और हथियारों की नोक पर लूटपाट की कोशिश करने लगे। लूटपाट कर भागते बदमाशों में से एक को शोरूम स्वामी योगेश चौधरी ने शोरूम के बाहर पकड़ लिया। इस पर दूसरे बदमाश ने योगेश चौधरी पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शोरूम स्वामी की हत्या करने के बाद बदमाश चांदी के जेवरात लूटकर बाइक से फरार हो गये। दिन के उजाले में हुई इस सनसनीखेज आपराधिक वारदात से कारगिल चौराहा क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गई। सूचना मिलने पर थाना सिकंदरा पुलिस के अलावा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये। शहर में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
एक सप्ताह के भीतर सिकंदरा-बोदला रोड पर यह दूसरी सनसनीखेज वारदात है। इससे पहले देवीराम फूड सर्किल के पास बाइक पर सवार दो बदमाशों ने जूस पीते एक युवक को भी दिनदहाड़े गोली मार दी थी। अब इस वारदात से बदमाशों ने पुलिस को दूसरी बड़ी चुनौती दे दी है। सिकंदरा एरिया में अपराधों की स्थिति नियंत्रण से बाहर जा रही है।