कंगना रनौत बोलीं,  बीजेपी की कठपुतली नहीं हूं,   मैं आज भी डायरेक्टर्स की पसंद,  रामदेव पर फिर बरसीं

कंगना का कहना है कि वह बीजेपी की कठपुतली नहीं हैं, और हो सकता है कि कल को पार्टी उनका साथ न दे, उनके साथ खड़ी न हो। उन्होंने बाबा रामदेव पर भी पलटवार किया और साथ ही कहा कि अगर अगले लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला, तो करने को बहुत काम है।

Aug 27, 2026 - 22:37
 0
कंगना रनौत बोलीं,  बीजेपी की कठपुतली नहीं हूं,   मैं आज भी डायरेक्टर्स की पसंद,  रामदेव पर फिर बरसीं

 
मुंबई। एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत इन दिनों काफी मुखर हो गई हैं और किसी भी मुद्दे पर बोलने का मौका नहीं छोड़ रही हैं। अब उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया है जिससे उनकी खुद की पार्टी को मिर्ची लग सकती है। कंगना का कहना है कि वह बीजेपी की कठपुतली नहीं हैं, और हो सकता है कि कल को पार्टी उनका साथ न दे, उनके साथ खड़ी न हो। उन्होंने बाबा रामदेव पर भी पलटवार किया और साथ ही कहा कि अगर अगले लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला, तो करने को बहुत काम है। वह आज भी कई डायरेक्टर्स की फेवरेट एक्ट्रेस हैं।

कंगना रनौत ने 'डीडी न्यूज' से बातचीत में ये सब कहा। जब उनसे उनके कड़वे और अग्रेसिव होते हुए बयानों के बारे में जिक्र किया गया, तो कंगना बोलीं, 'कॉकरोच को आप चप्पल से ही मारोगे, हाथ पर तो नहीं लोगे ना? चुम्मी तो नहीं लोगे ना?'  

कंगना से जब पूछा गया कि आप जो भी बयान देती हैं क्या ये बीजेपी की ऑफिशियल लाइन होती है या आपकी अपनी लाइन होती है? तो कंगना बोलीं, 'ऐसा नहीं है कि मैं अपनी पार्टी से कहीं ड्रिफ्ट होना चाह रही हूं। लेकिन साथ ही मुझे लगता है कि जब बहुत ज्यादा शोर होता है, तो कहीं न कहीं आपको भी चिल्लाना पड़ता है। मैं कई बार तगड़े बयान दे देती हूं, पर मैं जानबूझकर ऐसा नहीं करना चाहती। तो इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि...मैं कोई पपेट थोड़ी ना हूं। बीजेपी आज मेरे साथ है, कल हो या ना हो। दो साल से मैं पार्लियामेंट की मेंबर हूं। 20 साल से मैं कलाकार हूं। मेरा एक वजूद है। मैं अगर खड़ी हो जाऊं तो 20 प्रेस वाले आएंगे और मेरी बात सुनेंगे।'

कंगना ने आगे कहा, 'मैंने हमेशा से कहा है कि बेशक आज मैं व्यक्तिगत तौर पर एक्जिस्ट नहीं करती, पर मेरी सोच अपनी है, मेरी विचारधारा मेरी अपनी है। वो अचानक से गायब नहीं हो सकती। मैं कोशिश करती हूं और पार्टी के साथ मेरी अलाइनमेंट ऐसी है कि कभी कुछ पुट ऑन नहीं करना पड़ता। लेकिन हां, कभी-कभी ऊंच-नीच हो जाती होगी, जो खटकती होगी उनको, लेकिन मैं अभी नई हूं और थोड़ा इन चीजों को सीख रही हूं।

कंगना से जब पूछा गया कि आज से 5-10 साल बाद वह खुद को किसी बड़े संवैधानिक पद पर देखती हैं या वापस एक्टिंग में चली जाएंगी? तो कंगना बोलीं, 'इसका जवाब देना मुश्किल है, खासकर आज के दौर में जितनी अनिश्चितताएं हैं, उन्हें देखते हुए। आपको कभी ये डर सताता है कि अगले लोकसभा में शायद आपको टिकट ना मिले? तो कंगना ने कहा, 'डर तो नहीं कह सकते उसको कि ये डर है मुझे कि टिकट नहीं मिला या मेरा अस्तित्व खत्म हो जाएगा। मैं एक एक्ट्रेस हूं, फिल्ममेकर हूं, राइटर हूं और मुझे अपने काम से बहुत प्यार है। मैं कई डायरेक्टर्स के लिए एक बहुत पसंदीदा एक्ट्रेस हूं। उनमें से कई बस इंतजार कर रहे हैं। वो मुझसे पूछते हैं कि आपने इंडस्ट्री क्यों छोड़ी? जिंदगी में करने के लिए और भी बहुत कुछ है।'

कंगना ने फिर इसी इंटरव्यू में बाबा रामदेव वाले मुद्दे पर भी बात की। बाबा रामदेव ने कंगना की जेन जी को गटरछाप कहने पर आलोचना की थी और उनकी निजी जिंदगी पर कमेंट कर दिया था। बाबा रामदेव ने कहा था कि उनके पहले के कारनामे कैसे रहे हैं? उनकी जवानी कैसी रही है? जेन जी को गटर बोलना बिगड़े दिमाग की निशानी है। इस बारे में पूछे जाने पर कंगना बोलीं, 'क्या बाबा रामदेव मेरे कमरे में चमगादड़ की तरह लटक रहे थे? क्या उन्होंने मुझे मेरी जवानी में देखा था? उन्होंने क्या देखा था? मुझे समझ नहीं आ रहा कि उसने असल में क्या देखा। उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने क्या देखा।'