सोशल मी़डिया से दूर होंगी कंगना, छात्र आंदोलन में जेन जी की भद्दी बातों से हैं आहत, कहा- इतनी बदसूरती नहीं देखी
दिल्ली के जंतर-मंतर हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ वीडियोज़ में जेन ज़ी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिखे। कंगना रनौत ने अब उन्हीं वीडियोज़ के खिलाफ आवाज उठाई है और कहा है- मैंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी एक जगह पर इतनी नेगेटिविटी और बदसूरती नहीं देखी।
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल में चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कई वीडियोज़ सोशल मीडिया पर सामने आए जिनमें जेन ज़ी का गुस्सा साफ नजर आया। नीट-यूजी परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने के मुद्दे पर नाराज देश के अलग-अलग कोनों में छात्रों का हुजूम निकला और इसी दौरान कुछ ऐसे वीडियोज सामने आए जिनमें जेन ज़ी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिखे। कंगना ने ऐसे ही वीडियोज पर अपनी नाराजगी जाहिर की है और कहा है कि ये सब देखकर वो काफी आहत हुई हैं।
कंगना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर हालिया विरोध प्रदर्शन की रीलों में इस्तेमाल की गई भाषा और जो कुछ दिखा उनकी आलोचना की है। सोशल मीडिया पर पिछले कई दिनों से लगातार नजर आ रहे ऐसे कॉटेंट से कंगना बेहद परेशान हो उठी हैं और अब कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से दूर होने जा रही हैं।
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ टेक्स्ट और एक वीडियो शेयर किया है। कंगना ने संसद में अपने सोशल मीडिया के माध्यम से जेन जी द्वारा विरोध प्रदर्शन और अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने वाले वीडियो पर रिएक्ट किया। एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, 'मैंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी एक जगह पर इतनी नेगेटिविटी और बदसूरती नहीं देखी। जेन-जी के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी ये रील्स देखकर बहुत बुरा लग रहा है।'
उन्होंने आगे लिखा है, 'जिस तरह से लोग बात कर रहे हैं और जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह मुझे बहुत आपत्तिजनक और असभ्य लग रही है। हर फ्रेम में इतनी असहजता और खराब व्यवहार एक साथ देखना मेरे लिए बहुत परेशान करने वाला है। मुझे समझ नहीं आता कि लोग इस तरह की सोच और व्यवहार कहां से सीख रहे हैं।'
उन्होंने बताया कि वे खुद की शांति के लिए सोशल मीडिया से दूर रहेंगी। उन्होंने लिखा, 'भारत हमेशा से विविधता, सुंदरता, संस्कृति और शालीनता के लिए जाना जाता है, लेकिन जब लोग खुद को अपमानजनक नामों से पुकारते हैं और उसी तरह का व्यवहार करते हैं, तो यह हमारी संस्कृति की गरिमा से बिल्कुल अलग दिखाई देता है। इन रील्स को देखकर मैं बहुत परेशान हो गई हूं। अब मुझे थोड़ा समय सोशल मीडिया से दूर रहकर खुद को शांत करने और मानसिक रूप से बेहतर महसूस करने के लिए चाहिए।'
कंगना ने नीट एजुकेटर, सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट की वाइफ प्रिया पांडे का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो कह रही हैं, 'सारे पैरेंट्स मेरी बात घ्यान से सुनिए। आपकी परवरिश में ऐसी क्या कमी रह गई थी कि इंस्टाग्राम के 2 मिनट की रील देखने के बाद आपके बच्चे सड़कों पर आग लगाने के लिए उतर गए? किसी ने अपनी बुद्धि नहीं दिखाई। दिमाग चलाना नहीं सिखाया। नल्ली इन्फ्लूएंसर्स, एंटी इंडियन नेरेटिव चलाते रहे और आपका बच्चा अंधी भीड़ बनकर प्रधानमंत्री की मां को सड़क पर गालियां दे रहा है? सरकारी सम्पत्ति हटा रहा है, कैमरे हटा रहा है। शर्म आनी चाहिए आपको। जब बच्चा सड़क पर नंगा नाच कर रहा था, तुम्हारे नेता तो कहां निकल गए, पहली फ्लाइट से बाहर निकल गए, पॉलिटिशियन रोटी सेंक कर चले गए। पर तुम्हारा क्या होगा? इन उपद्रवी हरकतों पर जब एनएसए लगेगा तो सुप्रीम कोर्ट में वकील खड़े करने की औकात नहीं बचेगी। केस चलेगा तो.. सब भूल जाओ, कल जॉब मांगने जाओगे तो डिग्री कचरे में फेंक दी जाएगी। तुम्हारे से दंगई यूट्यूब वीडियोज़ तुम्हारा पर्मानेंट सर्टिफिकेट बनेंगे। मैं नीट एजुकेटर हूं, एक सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट की पत्नी हूं। कन्याकुमारी से लेकर जम्मू तक ऑफलाइन पढ़ाया है।'