आगरा में केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला, सपा के पास न नेता बचे, न नीति
आगरा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को आगरा दौरे के दौरान सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी (सपा) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला। ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन’ यानी ‘जी राम जी’ अधिनियम 2025 को लेकर विपक्ष के विरोध पर उन्होंने इसे राम नाम से नफरत करार दिया और कहा कि यही वजह है कि विपक्ष इस कानून का विरोध कर रहा है।
‘जी राम जी’ को बताया विकसित भारत का रोडमैप, विपक्ष पर राम नाम से नफरत का आरोप
आगरा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को आगरा दौरे के दौरान सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी (सपा) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला। ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन’ यानी ‘जी राम जी’ अधिनियम 2025 को लेकर विपक्ष के विरोध पर उन्होंने इसे राम नाम से नफरत करार दिया और कहा कि यही वजह है कि विपक्ष इस कानून का विरोध कर रहा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि ‘जी राम जी’ अधिनियम विकसित भारत का रोडमैप है। जब तक गांव विकसित नहीं होंगे, तब तक न विकसित उत्तर प्रदेश बनेगा और न ही विकसित भारत। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल इसलिए इस अधिनियम से चिढ़ा हुआ है क्योंकि इसके नाम में ‘राम’ शब्द आ गया है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का हम सभी आदर करते हैं, लेकिन कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके और आरजेडी को राम नाम से नफरत क्यों है, यह वही जानें। सिर्फ स्पेलिंग में राम शब्द आने से ही ये मनरेगा के नए अधिनियम से नफरत करने लगे हैं।
सपा पर तंज- ‘विधायक भाजपा में आना चाहते हैं’
हाल ही में सपा द्वारा भाजपा के ब्राह्मण विधायकों को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिए जाने पर केशव मौर्य ने चुटकी लेते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में अकाल पड़ा है। उनके विधायक भाजपा में आना चाहते हैं, लेकिन हम लोग लेना नहीं चाहते।
अखिलेश यादव पर सीधा हमला
डिप्टी सीएम ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार चुनाव में हार के बाद वे पूरी तरह बौखलाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे थे कि 2027 में सरकार बना लेंगे। समाज को बांटकर राज करेंगे, लेकिन 2024 में मिली कुछ सीटों का भ्रम हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार की जनता ने तोड़ दिया।
केशव मौर्य ने कहा कि पीडीए अब ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ बनकर रह गई है, जिसकी हवा निकल चुकी है। बिहार चुनाव में पीडीए लेकर गए, लेकिन न प्रत्याशी था, न असर। अखिलेश यादव बेगानी शादी में अब्दुल्ला की तरह वहां पहुंच गए।
ममता पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप
पश्चिम बंगाल में जांच एजेंसियों के विरोध पर डिप्टी सीएम ने कहा कि टीएमसी सत्ता से जा रही है और भाजपा आ रही है, इसी डर से टीएमसी बौखलाई हुई है। उन्होंने कहा कि
किसी मुख्यमंत्री को जांच में हस्तक्षेप शोभा नहीं देता। ममता बनर्जी ने हस्तक्षेप कर यह साबित कर दिया है कि वे भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही हैं।
विनय कटियार के बयान पर साधी चुप्पी
विनय कटियार के अयोध्या से चुनाव लड़ने के बयान पर सवाल पूछे जाने पर केशव मौर्य ने कहा कि इस पर टिप्पणी करना उनका काम नहीं है। भाजपा में संसदीय बोर्ड तय करता है कि कौन, कहां से चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं।