आगरा के बासौनी क्षेत्र से अपहृत बालक 24 घंटे में सकुशल बरामद, परिवार में लौटीं खुशियां

आगरा। तेजी से की गई कार्रवाई और सतत निगरानी के चलते थाना बासौनी पुलिस ने अपहृत किशोर को महज 24 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। परिजनों की आंखों में आंसू थे लेकिन अब राहत और खुशी के। कथित अपहरणकर्ता की तलाश अभी जारी है।

Jun 30, 2025 - 21:25
 0
आगरा के बासौनी क्षेत्र से अपहृत बालक 24 घंटे में सकुशल बरामद, परिवार में लौटीं खुशियां
आगरा की बासौनी पुलिस द्वारा बरामद किया गया बच्चा पुलिसकर्मियों के साथ।

घर के बाहर खेल रहा था, अचानक हो गया गायब

रविवार को सावित्री देवी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका नाबालिग पुत्र घर के बाहर खेलते समय अचानक गायब हो गया है। उन्होंने बच्चू पुत्र मुन्नालाल पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, बच्चू से पूर्व से ही रंजिश चल रही थी।

सीसीटीवी खंगाले, मंदिर के पास से मिला बच्चा

शिकायत मिलते ही थानाध्यक्ष सोहनलाल चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत खोजबीन शुरू की। टीमें गठित की गईं, सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और ग्रामीण इलाकों में पूछताछ का सिलसिला शुरू हुआ। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने ग्राम कुंवर खेड़ा स्थित मठी माता मंदिर के पास से बालक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस अब आरोपी बच्चू की तलाश कर रही है। उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं।

बच्चे की बरामदगी में अहम भूमिका निभाने वाली टीम में थानाध्यक्ष सोहनलाल चौधरी, एसआई विशाल कुमार, एसआई हितेश कुमार और कांस्टेबल विक्रांत कुमार शामिल थे। 

SP_Singh AURGURU Editor