गृह कर पर 10% छूट का अंतिम मौका, आगरा नगर निगम ने शुरू की सख्त वसूली मुहिम

आगरा। गृह कर पर नगर निगम द्वारा दी जा रही 10 प्रतिशत छूट का लाभ उठाने का मौका अब केवल 3 दिन और शेष है। 30 सितंबर के बाद यह सुविधा समाप्त हो जाएगी। निगम ने करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार को भी कैश काउंटर खोलने का निर्णय लिया है। चारों जोन में सभी काउंटर सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।

Sep 28, 2025 - 11:31
 0
गृह कर पर 10% छूट का अंतिम मौका, आगरा नगर निगम ने शुरू की सख्त वसूली मुहिम
इमेज फोटो

आगरा। गृह कर पर नगर निगम द्वारा दी जा रही 10 प्रतिशत छूट का लाभ उठाने का मौका अब केवल 3 दिन और शेष है। 30 सितंबर के बाद यह सुविधा समाप्त हो जाएगी। निगम ने करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार को भी कैश काउंटर खोलने का निर्णय लिया है। चारों जोन में सभी काउंटर सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के अनुसार, इस अवधि में जोनल ऑफिसर, कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक और कर संग्राहक अपने-अपने क्षेत्रों में बिलों की वसूली करेंगे। निगम प्रशासन पहले ही घोषणा कर चुका है कि तय समयसीमा के भीतर बकाया गृह कर जमा करने वालों को बिल पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

वसूली को प्रभावी बनाने के लिए सभी जोनल कार्यालयों को लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। विशेष निर्देश दिए गए हैं कि 50 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले संपत्ति मालिकों को प्राथमिकता पर नोटिस भेजा जाए और तत्काल वसूली की कार्रवाई की जाए।

छूट की अवधि समाप्त होने के बाद निगम प्रशासन कुर्की, सीलिंग और सार्वजनिक नोटिस जैसे दंडात्मक कदम भी उठा सकता है। इसके साथ ही आउटडोर स्टाफ घर-घर जाकर वसूली अभियान चलाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।