वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आख़िरी मौका, 31 जनवरी को विशेष अभियान

आगरा में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत 31 जनवरी 2026 को सभी बूथों पर विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान नए मतदाता नाम जुड़वा सकेंगे, मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे और संशोधन भी किए जाएंगे। दावे व आपत्तियां 6 फरवरी 2026 तक ली जाएंगी।

Jan 30, 2026 - 18:36
 0
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आख़िरी मौका, 31 जनवरी को विशेष अभियान
विशेष अभियान के बारे में जानकारी देते जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी।

डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी ने की जनपदवासियों से अपील, सुबह 11 से शाम 4 बजे तक बूथों पर रहेंगे बीएलओ

आगरा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शनिवार, 31 जनवरी 2026 को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर प्रातः 11 बजे से सायं 04 बजे तक “विशेष अभियान” चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य अधिकतम पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना है।

कलेक्ट्रेट स्थित डीएम चैम्बर में उन्होंने पत्रकार वार्ता कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01-01-2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का ड्राफ्ट प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। यह ड्राफ्ट रोल सभी मतदान केंद्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध है। इस दौरान बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे ताकि कोई भी पात्र नागरिक सूची से वंचित न रह जाए।

नाम छूटा है? ऐसे करें आवेदन

यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है, तो वे अपने संबंधित बूथ पर जाकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं और फॉर्म-6 व डिक्लेरेशन फॉर्म भरकर नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए आवेदक को रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर, आयु प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण, परिवार के किसी सदस्य का ईपिक (मतदाता पहचान पत्र) की प्रति साथ लाना होगा। 

युवाओं के लिए खास मौका

जो नागरिक 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं या कर रहे हैं, वे इस अभियान के दौरान पहली बार मतदाता बन सकते हैं। साथ ही जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है, वे इसे भी अपडेट करा सकते हैं।

दावे व आपत्तियों की अंतिम तिथि

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से संबंधित दावे और आपत्तियां 06 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में मतदाता फॉर्म-6, 7 और 8 निर्धारित मतदान केंद्र या तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र पर जमा कर सकते हैं।

विशेष अभियान की खास बातें

31 जनवरी को विशेष अभियान के दिन बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे और मृतक, दोहरी प्रविष्टि, अनुपस्थित, अनट्रेस्ड व स्थानांतरित मतदाताओं की सूची पढ़कर सुनाएंगे। स्थायी रूप से अन्यत्र चले गए या मृत मतदाताओं के लिए फॉर्म-7, नाम, पता, आयु आदि में संशोधन के लिए फॉर्म-8 साक्ष्यों सहित स्वीकार किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।