लायंस आकाश ने महिला उत्थान केंद्र को दी सिलाई मशीन, नए कोर्स शुरू करने की तैयारी
आगरा। लायंस क्लब आगरा आकाश ने श्री कृष्ण लीला महिला उत्थान समिति केंद्र पर पहुंचकर एक सिलाई मशीन भेंट की। इस सहयोग से केंद्र से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई ऊर्जा मिलेगी। कार्यक्रम में क्लब और समिति के पदाधिकारियों ने सेवा कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
क्लब के अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने सिलाई मशीन भेंट करते हुए कहा कि लायंस क्लब आगरा आकाश हमेशा से सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है और भविष्य में भी इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा।
सही दिशा में सेवा कार्य करने की संतुष्टि
क्लब कॉर्डिनेटर एवं पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि क्लब के अधिकांश सदस्य श्री कृष्ण लीला से जुड़े हुए हैं और उन्हें बेहद खुशी है कि वे सही स्थान पर सेवा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल के नेतृत्व में केंद्र लगातार प्रगति कर रहा है।
दानदाताओं के सहयोग से बना केंद्र, 2015 से संचालन
समिति के महामंत्री विजय रोहतगी ने जानकारी दी कि करीब 40 दानदाताओं के सहयोग से भवन खरीदा गया था और वर्ष 2015 से यह केंद्र संचालित हो रहा है। यहां महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
नए कोर्स शुरू करने की तैयारी
समिति के उपाध्यक्ष अशोक गोयल ने बताया कि शीघ्र ही केंद्र में कुछ नए कोर्स शुरू करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ मिल सके।
इस अवसर पर लायंस क्लब आगरा आकाश के अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय, समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महामंत्री विजय रोहतगी, क्लब कॉर्डिनेटर मनोज कुमार गुप्ता, नितिन अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक गोयल, लीला संयोजक शेखर गोयल, अनूप गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, लक्ष्मण शर्मा, मुन्नालाल, अध्यापिका सीमा सिंह, खुशबू बिरला, विनीत सिंघल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।