आगरा के बिरहरू में शराबियों ने जीना दूभर कर दिया था, खुले में शराबखोरी से गुस्साई महिलाओं ने ठेके पर बोला धावा, की तोड़फोड़

  आगरा। खुले में शराब पीने की आदत से जब महिलाओं का जीना दूभर हो गया, तो उनका सब्र भी टूट गया। थाना सैंया क्षेत्र के गांव विरहरू के पास स्थित शराब के ठेके के सामने रोज़ाना शराबखोरी से परेशान महिलाओं ने एकजुट होकर ठेके पर हंगामा कर दिया। आक्रोशित महिलाओं ने ठेके में तोड़फोड़ की और शराब की बोतलें ठेके से बाहर फेंक दीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

Jan 9, 2026 - 20:40
Jan 9, 2026 - 20:42
 0
आगरा के बिरहरू में शराबियों ने जीना दूभर कर दिया था, खुले में शराबखोरी से गुस्साई महिलाओं ने ठेके पर बोला धावा, की तोड़फोड़
आगरा में सैंया क्षेत्र के बिरहरू गांव में शराब के ठेके पर तोड़फोड़ करतीं महिलाएं।

गांव की महिलाओं का कहना है कि शराब का ठेका उनके घरों के बिल्कुल पास है। दिनभर और खासकर शाम होते ही ठेके के सामने लोग शराब पीते हैं, गाली-गलौज करते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। ऐसे माहौल में घर से निकलना तक मुश्किल हो गया था। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होने से महिलाओं का गुस्सा आखिरकार ठेके पर फूट पड़ा।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब पीकर बैठे लोग रास्ता रोकते थे, जिससे बच्चियों, युवतियों और बुजुर्ग महिलाओं को भारी परेशानी होती थी। यही नहीं, नशे में धुत लोग घरों के सामने शोर-शराबा करते थे, जिससे पूरे मोहल्ले का माहौल खराब हो गया था।

ठेके में तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही सैंया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने महिलाओं को शांत कराया और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है। साथ ही ठेके के संचालन और खुले में शराब पीने की शिकायतों को लेकर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा कि घर के सामने शराबखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor