एम्बुलेंस से शराब की तस्करीः हरियाणा से प्रयागराज जा रही 46 पेटी अवैध शराब पकड़ी गई, दो गिरफ्तार
आगरा। आगरा के देहात क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एंबुलेंस का इस्तेमाल कर हरियाणा से प्रयागराज तक अंग्रेजी शराब की तस्करी की जा रही थी। बसई अरेला पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की 46 पेटियां और 09 बोतलें, कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 60 हजार रुपये बरामद की हैं। यह कार्रवाई बसई अरेला थाना क्षेत्र के अरनोटा गांव के पास की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी तस्कर एंबुलेंस को आपात वाहन बताकर चेकिंग से बचते हुए शराब की खेप ले जा रहे थे। हरियाणा से शराब लोड कर उसे प्रयागराज ले जाया जा रहा था, जहां अवैध रूप से खपत की तैयारी थी। बसई अरेला पुलिस और सर्विलांस टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध एंबुलेंस को रोककर तलाशी लेने पर भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।