बरेली में एलटी ग्रेड परीक्षा का आगाज़, 28 हजार से अधिक अभ्यर्थी हो रहे शामिल, 21 परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा, प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। सहायक अध्यापक एलटी ग्रेड प्रारंभिक परीक्षा–2025 की शुरुआत शनिवार को बरेली जनपद में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में हुई। दो दिनों तक चलने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा में जिले भर से कुल 28,132 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पहले दिन सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे परीक्षा को लेकर युवाओं की गंभीरता साफ झलकी।

Jan 17, 2026 - 18:04
 0
बरेली में एलटी ग्रेड परीक्षा का आगाज़, 28 हजार से अधिक अभ्यर्थी हो रहे शामिल, 21 परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा, प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
बरेली के एक परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थी।

अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुवे ने बताया कि शनिवार को जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली में सुबह 9 से 11 बजे तक जनरल स्टडीज और सोशल साइंस की परीक्षा कराई गई। अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई, जबकि 8:15 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया।

शनिवार को ही दूसरी पाली में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक 16 परीक्षा केंद्रों पर जनरल स्टडीज और बायोलॉजी की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 7,104 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आई।

18 जनवरी को परीक्षा का दूसरा दिन होगा। इस दिन सुबह 9 से 11 बजे तक 19 परीक्षा केंद्रों पर जनरल स्टडीज और अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 8,832 अभ्यर्थी भाग लेंगे। वहीं, शाम 3 से 5 बजे तक केवल 6 परीक्षा केंद्रों पर जनरल स्टडीज और फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा कराई जाएगी, जिसमें 2,400 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में बरेली इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया, साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज, पीसी आज़ाद, तिलक इंटर कॉलेज, मौलाना आज़ाद इंटर कॉलेज, बरेली कॉलेज, केपीआरसी कला केंद्र, राजकीय इंटर कॉलेज, सीबीगंज इंटर कॉलेज सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।

अपर जिलाधिकारी नगर ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। मुरादाबाद रेल मंडल के अंतर्गत बरेली, मुरादाबाद और शाहजहांपुर रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा समाप्ति के बाद प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और पूछताछ केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

परीक्षा केंद्रों पर सख्त नियम लागू किए गए हैं। केवल काली स्याही के बॉल प्वाइंट पेन की अनुमति है। ग्राफ शीट, मानचित्र, कैलकुलेटर और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। परीक्षा के अंतिम आधे घंटे में किसी भी अभ्यर्थी को कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor