अमेरिकी नौसेना की भारी बेइज्जती, चीनी जहाज का पीछा करते बंद हो गया इंजन, दक्षिण चीन सागर की घटना
दक्षिण चीन सागर में चीनी युद्धपोत का पीछा कर रहा एक अमेरिकी जहाज अचानक बंद पड़ गया। इससे जहाज का प्रपल्शन सिस्टम, इलेक्ट्रिक उपकरण और रडार सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया था। इस घटना का खुलासा चीनी नौसेना ने किया है, लेकिन उसने अमेरिका का नाम नहीं लिया है।
बीजिंग। चीनी नौसेना ने बताया है कि दक्षिण चीन सागर में विदेशी युद्धपोत के साथ उसकी एक दुर्लभ मुठभेड़ हुई। इस दौरान चीनी युद्धपोत का पीछा करते समय विदेशी युद्धपोत की बिजली, प्रपल्शन सिस्टम और रडार सिस्टम खराब हो गए थे। यह जानकारी इस साल दक्षिण चीन सागर में अमेरिकी नौसेना के दो विध्वंसक पोतों से जुड़ी घटनाओं से मिला-जुला माना जा रहा है। हालांकि अमेरिकी नौसेना ने चीन के इस दावे को लेकर कोई ताजा बयान नहीं दिया है।
चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने बुधवार को बताया कि यह घटना तब घटी जब एक विदेशी पोत ने चीनी पोत के नियमित प्रशिक्षण के दौरान पीएलए नौसेना के टाइप 055 विध्वंसक पोत ज़ुनी का आक्रामक रूप से पीछा किया। सीसीटीवी रिपोर्ट में विदेशी युद्धपोत की पहचान नहीं बताई गई और न ही मुठभेड़ की तारीख या सटीक स्थान का खुलासा किया गया। लेकिन, माना जा रहा है कि दोनों घटनाएं अमेरिकी युद्धपोतों के साथ जुड़ी हुई हैं।
चीनी नौसेना के जुनी विध्वंसक पोत पर तैनात नौसैनिक अधिकारी झांग जून ने सीसीटीवी को बताया कि उनके जहाज ने हाई स्पीड से चलते हुए गति और बढ़ा दी ताकि विदेशी पीछा करने वाले जहाज को भी गति बढ़ाने और तालमेल बनाए रखने के लिए मजबूर किया जा सके। झांग ने कहा, जुनी सामान्य रूप से काम करता रहा, "लेकिन गतिरोध के दौरान विदेशी युद्धपोत की बिजली पूरी तरह से गुल हो गई। इसका रडार सिग्नल भेजना बंद कर दिया और इसकी नेविगेशन लाइटें बुझ गईं। यह स्थिति लगभग आधे घंटे तक बनी रही।"
जापान के योकोसुका में स्थित अर्ले बर्क क्लास के विध्वंसक पोत यूएसएस हिगिंस में 28 अप्रैल को इलेक्ट्रिक सिस्टम में खराबी आ गई थी। बताया जाता है कि यह खराबी "कई घंटों" तक चली, हालांकि अमेरिकी नौसेना ने यह नहीं बताया कि घटना कहां हुई या जहाज किस मिशन पर था। अमेरिकी सातवें बेड़े के एक बयान में कहा गया है कि 1999 में कमीशन किए गए हिगिंस जहाज में "पूरे जहाज में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई थी" जिसके बाद उसने जल्द ही बिजली और प्रपल्शन सिस्टम को एक्टिव कर लिया। अमेरिकी नौसेना ने कहा, "प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि बिजली की खराबी के कारण चिंगारी या धुआं निकला होगा, जो बिजली बंद होने के बाद बंद हो गया।"
24 जुलाई को एक अलग घटना में, अमेरिकी नौसेना का एक अन्य पुराना अर्ले बर्क-क्लास के विध्वंसक पोत यूएसएस बेनफोल्ड ने दक्षिण चीन सागर से गुजरते समय अपने जनरेटरों में खराबी की सूचना दी थी। इससे युद्धपोत की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। यह पोत यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के साथ मध्य पूर्व की ओर जा रहा था। 30 साल पुराना यह जहाज सामान्य विद्युत आपूर्ति के बिना चार दिनों तक फंसा रहा, जिसके बाद मरम्मत के लिए इसे फिलीपींस के सुबिक खाड़ी में ले जाया गया।