सुप्रीम कोर्ट का बड़ा प्रहार: बिना बीमा वाले वाहन सड़कों से होंगे बाहर, पेट्रोल-डीजल पर भी लग सकती है रोक, नई गाड़ियों के लिए बढ़ेगी थर्ड पार्टी बीमा अवधि

नई दिल्ली। देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और बिना बीमा चल रहे वाहनों की गंभीर समस्या पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा और दूरगामी फैसला सुनाते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव की दिशा तय कर दी है। सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि वाहन का वैध थर्ड पार्टी बीमा केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि दुर्घटना पीड़ितों के अधिकारों और नागरिकों के जीवन की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है।

Aug 5, 2026 - 20:46
 0
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा प्रहार: बिना बीमा वाले वाहन सड़कों से होंगे बाहर, पेट्रोल-डीजल पर भी लग सकती है रोक, नई गाड़ियों के लिए बढ़ेगी थर्ड पार्टी बीमा अवधि

सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड बनाम श्रीमती थुंगला धना लक्ष्मी एवं अन्य मामले में 4 अगस्त 2026 को दिए गए निर्णय में केंद्र सरकार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण और बीमा कंपनियों को व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।

देश में 56 प्रतिशत वाहन बिना बीमा, सुप्रीम कोर्ट ने जताई चिंता

सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्णय में देश में बिना वैध बीमा चल रहे वाहनों की बड़ी संख्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। न्यायालय ने कहा कि भारत में लगभग 56 प्रतिशत वाहन बिना बीमा के सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

न्यायालय के अनुसार ऐसे वाहनों से दुर्घटना होने पर पीड़ितों और उनके परिवारों को मुआवजा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई मामलों में वर्षों तक मुकदमे चलते रहते हैं और दुर्घटना प्रभावित परिवार आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों से गुजरते हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मोटर वाहन बीमा का उद्देश्य केवल वाहन मालिक को सुरक्षा देना नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटना में घायल या मृत नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना भी है।

बिना बीमा वाहनों को पेट्रोल-डीजल रोकने की तैयारी

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि न्यायालय ने केंद्र सरकार को ऐसी व्यवस्था पर विचार करने को कहा है, जिसमें वाहन के वैध बीमा को ईंधन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से जोड़ा जा सके। इसके तहत भविष्य में यदि किसी वाहन का बीमा समाप्त हो चुका है तो उसे पेट्रोल या डीजल उपलब्ध नहीं कराया जाए, जब तक कि वाहन का बीमा न करा लिया जाए।

न्यायालय के अनुसार इस व्यवस्था से बिना बीमा वाले वाहनों की पहचान आसान होगी और वाहन मालिक समय पर बीमा कराने के लिए बाध्य होंगे। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने भी इस सुझाव पर सैद्धांतिक रूप से आपत्ति नहीं जताई है।

कैमरों और डिजिटल तकनीक से होगी निगरानी

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आधुनिक समय में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक आधारित बनाना जरूरी है। न्यायालय ने निर्देश दिए हैं कि ट्रैफिक कैमरों को बीमा डाटाबेस और वाहन पोर्टल से जोड़ा जाए। बिना बीमा वाले वाहनों पर स्वतः ई-चालान जारी किए जाएं। ट्रैफिक पुलिस को ऐसे डिजिटल उपकरण और एप उपलब्ध कराए जाएं, जिससे मौके पर ही वाहन का बीमा सत्यापित किया जा सके।

न्यायालय ने कहा कि केवल जांच अभियान के भरोसे कानून का पालन सुनिश्चित नहीं किया जा सकता, इसके लिए डिजिटल निगरानी व्यवस्था जरूरी है।

नई कारों और बाइकों के लिए लंबी बीमा अवधि अनिवार्य

सुप्रीम कोर्ट ने नई गाड़ियों के लिए थर्ड पार्टी बीमा अवधि को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। निर्णय के अनुसार नई निजी कारों के लिए चार वर्ष का थर्ड पार्टी बीमा अनिवार्य होगा। नई दोपहिया गाड़ियों के लिए छह वर्ष का थर्ड पार्टी बीमा अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नई गाड़ी खरीदने के बाद वाहन लंबे समय तक बिना बीमा के सड़क पर न चल सके।

बीमा व्यवस्था होगी अधिक पारदर्शी

सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि बड़ी संख्या में वाहन मालिक अपनी बीमा पॉलिसी में मिलने वाली सुविधाओं और सुरक्षा कवरेज के बारे में पूरी जानकारी नहीं रखते।

न्यायालय ने बीमा व्यवस्था को चार स्तरों में स्पष्ट करने की आवश्यकता बताई है। ये हैं- अनिवार्य थर्ड पार्टी बीमा, यात्रियों और पिलियन राइडर के लिए अतिरिक्त कवर, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और वाहन क्षति बीमा। न्यायालय ने कहा कि वाहन मालिकों को बीमा लेते समय अपनी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा चुनने का स्पष्ट विकल्प मिलना चाहिए।

दुर्घटना पीड़ितों को जल्द मिलेगा मुआवजा

सुप्रीम कोर्ट ने दुर्घटना मुआवजा मामलों में होने वाली देरी पर भी चिंता जताई है। न्यायालय ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस समय पर विस्तृत दुर्घटना रिपोर्ट न्यायाधिकरण में प्रस्तुत करे। सभी जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराए जाएं।  गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।  पुराने लंबित मामलों का तेजी से निपटारा किया जाए। इससे दुर्घटना पीड़ित परिवारों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

सड़क सुरक्षा को बताया मौलिक अधिकार का हिस्सा

सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्णय में कहा कि सुरक्षित सड़कें प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। सड़क सुरक्षा संविधान के अनुच्छेद-21 के तहत जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

न्यायालय ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक लापरवाही या कमजोर व्यवस्था के कारण किसी नागरिक का जीवन खतरे में नहीं डाला जा सकता। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य का संवैधानिक दायित्व है।

सड़क सुरक्षा व्यवस्था में नए युग की शुरुआत

वरिष्ठ अधिवक्ता एवं आगरा के सड़क सुरक्षा कार्यकर्ता केसी जैन ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय देश में सड़क सुरक्षा को लेकर नई सोच और नई व्यवस्था की शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि वाहन चलाने का अधिकार जिम्मेदारी के साथ जुड़ा है। वैध बीमा केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि दुर्घटना पीड़ितों और समाज के प्रति नैतिक दायित्व भी है।

केसी जैन के अनुसार यदि बिना बीमा वाहनों को पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने जैसी व्यवस्था लागू होती है तो यह कठोर कदम जरूर लगेगा, लेकिन सड़क सुरक्षा, कानून के पालन और दुर्घटना पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा के लिए यह प्रभावी साबित हो सकता है। यह फैसला आने वाले समय में देश की सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor