शहीद लाला जगत नारायण की स्मृति में 8 सितंबर को आगरा में वृहद रक्तदान शिविर

आगरा। अमर शहीद लाला जगत नारायण के बलिदान दिवस पर उनकी स्मृति में आगामी 8 सितंबर को लोकहितम् ब्लड बैंक, कमला नगर पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित होगा। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस शिविर का उद्देश्य केवल शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करना ही नहीं है, बल्कि समाज में 'रक्तदान महादान' का संदेश फैलाना और लोगों को रक्तदान जैसे महान कार्य से जोड़ना भी है।

Sep 5, 2025 - 20:01
 0
शहीद लाला जगत नारायण की स्मृति में 8 सितंबर को आगरा में वृहद रक्तदान शिविर
लोकहितम ब्लड बैंक पर रक्तदान शिविर के बारे में जानकारी देते पार्षद मुरारी लाल गोयल एवं अन्य पदाधिकारी।

देशव्यापी परंपरा और आगरा की भागीदारी

देश भर में हर वर्ष अमर शहीद लाला जगत नारायण की स्मृति में 250 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। आगरा में भी यह परंपरा कई वर्षों से लगातार जारी है। यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का प्रतीक है बल्कि लोगों को जीवनदान देने की दिशा में प्रेरित करने का मंच भी बनता है।

रक्तदान के महत्व पर वक्ताओं के विचार

शुक्रवार को रक्तदान शिविर के पोस्टर विमोचन समारोह में सेवा आगरा के संस्थापक अध्यक्ष पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट ने कहा कि रक्तदान महादान है। आपका एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। यह दुनिया का सबसे बड़ा दान है।  उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से इस शिविर में भाग लेने की अपील की और कहा कि युवाओं की भागीदारी किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।

आगरा महानगर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव मुकेश कुमार गर्ग ने रक्तदान को स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, कोलेस्ट्रॉल और आयरन का स्तर नियंत्रित रहता है तथा हृदय रोगों का खतरा कम होता है।

आयोजन की तैयारियां और सहभागिता

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम लोकहितम् ब्लड सेंटर पर हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक बृज भूषण, समाजसेवी विनोद कत्याल, मयंक खंडेलवाल, किशोर कुमार, देवेंद्र भदौरिया, आशीष बिंदुसार समेत शहर के गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे सफल बनाने के लिए अपना पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया।

SP_Singh AURGURU Editor