‘एक पेड़ मां के नाम’ के संकल्प के साथ आगरा में चला वृक्षारोपण महाअभियान
आगरा। शहर में पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘हरित विरासत’ जैसे प्रेरणादायक अभियानों के तहत आज बुधवार को वृक्षारोपण महाअभियान 2025 का व्यापक आयोजन हुआ। इस अभियान में भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर और सामाजिक संगठन पर्यावरण मित्र के कार्यकर्ताओं व स्थानीय नागरिकों ने सैकड़ों पौधे लगाकर न केवल हरियाली का संदेश दिया, बल्कि पर्यावरण संवर्धन का संकल्प भी लिया।
-नगर निगम, भाजपा की जिला और महानगर यूनिटों, मंडल इकाइयों के साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों में भी रही पौधारोपण की होड़
नगर निगम ने शहर में लगाए 45 हजार से अधिक पौधे
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करतीं मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह।
एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान के तहत नगर निगम द्वारा मंगलवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एनजीओ, स्कूली छात्र-छात्राएं, स्काउट-गाइड और पार्षदों की सहभागिता से शहर भर में 45 हजार से अधिक पौधे रोपे गए। सबसे अधिक 10,465 पौधे सेक्टर-9 स्थित ऑक्सीवन पार्क में लगाए गए।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने आवास विकास सेक्टर-16 के पार्क में पौधारोपण किया। कालिंदी विहार क्षेत्र में मियांबक्की पद्धति से साढ़े 11 हजार पौधे रोपे गए। इसके अलावा टेढ़ी बगिया अस्सी फुटा डिवाइडर, ईदगाह पार्क, प्राइमरी स्कूल, सार्वजनिक पार्क और सड़क किनारों पर भी पौधारोपण किया गया।
नगर निगम ने सभी पार्षदों को 20-20 पौधे उपलब्ध कराए, जिन्हें पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रोपा। वृक्षारोपण में अनफोल्ड फाउंडेशन, सत्यमेव जयते फाउंडेशन, गरीब नवाज फाउंडेशन, पर्यावरण मित्र आदि स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग रहा।
इस दौरान नीम, पीपल, शीशम, कनेर, टिकोमा, हरश्रृंगार, अमरूद, शहतूत, नींबू, करौंदा, कदम और जामुन जैसे पौधे लगाए गए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश शासन ने नगर निगम को इस वर्ष 2.74 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य सौंपा है।
जिला भाजपा ने शास्त्रीपुरम जोनल पार्क में पौधे रोपे
पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान के संदेश को लेकर बुधवार को भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया के नेतृत्व में शास्त्रीपुरम स्थित जोनल पार्क में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रत्येक कार्यकर्ता ने एक-एक पौधा अपनी मां के नाम समर्पित किया। पार्क परिसर में सैकड़ों पौधे रोपे गए।
जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि मां और प्रकृति दोनों ही जीवनदायिनी हैं। हमें जीवन में कम से कम एक पेड़ अपनी मां के नाम अवश्य लगाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने "एक पेड़ मां के नाम" जैसे नारों के साथ आमजन को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर रविंद्र सिंह चौधरी, उमाशंकर माहौर, सहदेव शर्मा, सुनील राजपूत, तेजपाल सिंह, ओमप्रकाश राजपूत, पवन चौधरी, पुरुषोत्तम, विजय शर्मा, संजय किशन सिंह, राजू चौधरी, प्रेम सिंह सोलंकी, पन्नालाल चाहर, वंदना चाहर, बीरेंद्र राजपूत, मंजू सिंह, डॉ. शिव कुमार, आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।
भाजपा का वृक्षारोपण: मां के नाम एक पौधा
गौतम ऋषि पार्क में पौधे रोपते भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता एवं मंडल पदाधिकारी।
भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर के 22 मंडलों में वृक्षारोपण किया गया। महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में दीनदयाल मंडल की ओर से गौतम ऋषि पार्क, सेक्टर-10, आवास विकास कॉलोनी में अशोक, अनार, जामुन, आंवला, नीम समेत 25 पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में तुलसी पौधों का भी वितरण किया गया।
राजकुमार गुप्ता ने कहा, भाजपा का हर कार्यकर्ता जुलाई माह में किसी न किसी स्थान पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण सुधार में योगदान देगा। एक पेड़ मां के नाम भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।
इस मौके पर रोहित कत्याल (मीडिया प्रभारी), राहुल जैन (मंडल अध्यक्ष), डॉ. पार्थ सारथी शर्मा (वरिष्ठ नेता), पार्षद प्रवीना राजावत, पार्षद गौरव शर्मा, रवि करोतिया, निरंजन केम, बबली धाकड़, मनोज चौहान मंडल, हिमांशु मिश्रा, नरेश राजपूत, ओमप्रकाश दिवाकर, अनीता ठाकुर, राजकुमार, अशोक अग्रवाल, दीप्ति वशिष्ठ, नीतीश भारद्वाज, देवेंद्र यादव, अनीता वैस आदि मौजूद रहे।
पर्यावरण मित्र ने हरित विरासत के लिए 31 पौधे रोपे, तुलसी वितरण
यमुनोत्री विहार कॉलोनी में पर्यावरण मित्र संस्था के साथ पौधरोपण करते अनिल गोयल, डीपी सिंह, पवन बंसल, नंद किशोर गोयल एवं कॉलोनीवासी।
वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत पर्यावरण मित्र संस्था द्वारा यमुनोत्री विहार कॉलोनी, कमला नगर के पार्क में 1 हरी संकरी वृक्ष (पीपल, बरगद, पाकड़) और 30 अन्य पौधों (नीम, बेलपत्र, गुलमोहर, कनेर, इमली आदि) का वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर तुलसी के पौधे वितरित कर नागरिकों को हरित विरासत के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
पर्यावरण मित्र संस्थापक अनिल कुमार गोयल, पवन बंसल (पार्षद प्रतिनिधि), नंदकिशोर गोयल (मीडिया प्रभारी), पूर्व डीएफओ डी.पी. सिंह, ओंकारनाथ गुप्ता, श्रीमती राम सखी गुप्ता, विपुल गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, लक्ष्मी शर्मा, दिनेश शर्मा, राहुल गुप्ता, विपिन खंडेलवाल, वृहम प्रकाश, हरिंदर सिंह, राधा अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
हर वर्ष की तरह इस बार भी संकल्प: सिर्फ पेड़ लगाना नहीं, एक हरित विरासत बनाना है
डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसायटी, आगरा द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोसायटी के अध्यक्ष राजीव सोई के नेतृत्व में आयोजित इस आयोजन में नीम, पीपल, बरगद, पाखड़, अर्जुन, जामुन, आम और कदम जैसे फलदार व ऑक्सीजन देने वाले पौधे लगाए गए। सोसायटी के सदस्यों ने यह भी संकल्प लिया कि प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल की जाएगी।
इस बार वृक्षारोपण में 'मटका तकनीक' को अपनाया गया है। इस तकनीक में हर पौधे के पास एक मटका गाड़ा जाता है, जो धीरे-धीरे पानी छोड़ता है और पौधे की जड़ों को गर्मियों में भी पर्याप्त नमी देता है। यह प्रणाली राजस्थान से प्रेरित होकर आगरा की जलवायु के अनुसार अनुकूलित की गई है।
अभियान में राजीव सोई (अध्यक्ष), ज्ञानेंद्र यादव (उपाध्यक्ष), राजू चौहान (संगठन मंत्री), कमल सिंह चाहर (कोषाध्यक्ष), बंटी यादव (सचिव), अजय त्यागी (मीडिया प्रभारी), सनी उपाध्याय, संदेश भदौरिया, हरपाल सिंह, नीटू यादव, अमित दीक्षित, विपिन यादव, शिव सिंह परमार, सतीश उपाध्याय, ब्रजेश नौहवार, अजीत राठौर सहित सभी सदस्यों ने इस प्रयास को सफल बनाने में भागीदारी निभाई।
दीवानी परिसर में विशेष सुरक्षा बल ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण की ली जिम्मेदारी
वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) के आगरा न्यायालय सुरक्षा प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में जवानों ने आगरा दीवानी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जवानों ने नीम, अशोक, बेल, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं ली, ताकि वे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें।
इस अवसर पर मुकेश कुमार ने कहा कि पेड़ लगाना केवल पर्यावरण की सेवा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को जीवन देने का संकल्प है।