मेयर, सांसद और नगरायुक्त ने खेरिया मोड़ पर विकास कार्य परखे

आगरा। खेरिया मोड़ के लोगों को जलभराव की समस्या से  जल्द निजात मिलेगी। इसके लिए नगर निगम द्वारा तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शनिवार को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और  सांसद राजकुमार चाहर और नगर आयुक्त ने नगर निगम की पूरी टीम के साथ खेरिया मोड़ क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण किया।

Feb 15, 2025 - 21:12
 0
मेयर, सांसद और नगरायुक्त ने खेरिया मोड़ पर विकास कार्य परखे
खेरिया मोड़, वीआईपी गेट पर विकास कार्यों का निरीक्षण करते सांसद राज कुमार चाहर, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल। 

- क्षेत्र में लगभग आठ करोड़ रुपये के विकास कार्यों से हो रही है कायापलट, खेरिया मोड़ वीआईपी गेट पर नहीं होगा जलभराव

महापौर ने बताया कि खेरिया मोड़ वीआईपी गेट के समीप जलभराव मुख्य समस्या थी। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर उन्होंने निगम की टीम से इस समस्या को दूर करने के लिए योजना बनाकर कार्य कराने के निर्देश दिए थे। इस क्रम में खेरिया मोड़ क्षेत्र में कक्ष संख्या-21 , 31 और 61 में अब तक 2.6 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को नगर निगम  द्वारा कराया जा चुका है। 

इस क्षेत्र में लगभग 5.8 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का होना अभी शेष है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने किए जा चुके विकास कार्यों की गुणवत्ता को परखा और बाकी विकास कार्यों को जल्द से जल्द कराने के लिए मौके पर मौजूद नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल को निर्देश दिए। 

सांसद राजकुमार चाहर नगरायुक्त को उन स्थानों पर भी ले गए, जहां गंभीर समस्याएं हैँ। सांसद चाहर ने नगरायुक्त से कहा कि सभी कार्यों को समय पर तो कराएं हीं, गुणवत्तापूर्ण तरीके से भी होने चाहिए।

नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि खेरिया मोड़ क्षेत्र के कक्ष संख्या-21 में लगभग 1.05 करोड़ रुपये की लागत से छह विकास कार्य पूर्ण कराए जा चुके हैं। वहीं, 31.77 लाख रुपये की लागत से चार विकास कार्य और कराए जाएंगे। कक्ष संख्या-31 में 32.70 लाख रुपये की लागत से चार विकास कार्य पूर्ण कराए जा चुके हैं और लगभग 2.9 करोड़ रुपये की लागत से 15 विकास कार्य प्रक्रिया में हैं। 

कक्ष संख्या-61 में 1.23 करोड़ रुपये की लागत से 12 विकास कार्य पूर्ण किये जा चुके हैं और 2.49 करोड़ रुपये की लागत से 15 विकास कार्य प्रक्रिया में हैं। जल्द ही इन कार्यों को पूर्ण कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता बीएल गुप्ता, अधिशासी अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, सहायक अभियंता दीपांकर सिंह, सहायक अभियंता पवन कुमार एवं जल निगम के अवर अभियंता आदेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor