अपनत्व की धुन पर बजी सेवा की सरगम: लायंस प्रयास ने ‘अपना घर’ में भेंट किया संगीत का उपहार

आगरा। सेवा की असली परिभाषा वही है जो दिल से की जाए, जब दान में संवेदना और मदद में मुस्कान हो। इसी भावना को जीवंत किया लायंस क्लब प्रयास ने, जब उसके सदस्यों ने न्यू राजा मंडी स्थित ‘अपना घर अन्नपूर्णा महिला आश्रम’ पहुंचकर वहां रह रही निराश्रित महिलाओं के बीच खुशियां बांटीं।

Oct 28, 2025 - 19:24
 0
अपनत्व की धुन पर बजी सेवा की सरगम: लायंस प्रयास ने ‘अपना घर’ में भेंट किया संगीत का उपहार
न्यू राजा मंडी स्थित अपना घर अन्नपूर्णा महिला आश्रम में लायंस क्लब प्रयास द्वारा आयोजित सेवा कार्य में आश्रम के लिए एलईडी एवं म्यूजिक सिस्टम भेंट करते मुख्य अतिथि डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल। उनके साथ हैं मानसी अग्रवाल, अजय भार्गव, अशु मित्तल, रितेश मांगलिक, सुरभि पाटनी, पंकज गर्ग, कांता माहेश्वरी आदि।

अपनत्व के साथ सेवा शीर्षक के इस सेवा कार्यक्रम में क्लब द्वारा आश्रम की महिलाओं के मनोरंजन एवं मानसिक आनंद हेतु एलईडी और म्यूजिक सिस्टम भेंट किया गया। कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, संवेदना और अपनत्व से ओतप्रोत रहा।

मुख्य अतिथि के रूप में डीसीपी (पूर्वी) अभिषेक अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी मानसी अग्रवाल उपस्थित रहीं। डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि जब समाज की सेवा में प्रेम और करुणा जुड़ जाते हैं, तब वह केवल सहायता नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा देने का कार्य बन जाता है।

विशिष्ट अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (द्वितीय) अजय भार्गव ने कहा कि सेवा की इस परंपरा को आगे बढ़ाने वाले ऐसे क्लब वास्तव में समाज की धड़कन हैं। क्लब की  पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अध्यक्ष रीतेश मांगलिक ने भी विचार व्यक्त किए।

अन्नपूर्णा महिला समिति की संरक्षक कांता माहेश्वरी और अध्यक्ष मधु बंसल ने बताया कि यह आश्रम भरतपुर स्थित अपना घर संस्था की शाखा है, जहां वर्तमान में 25 निराश्रित महिलाएं रह रही हैं और 25 नई महिलाओं को रेस्क्यू कर लाने की प्रक्रिया जारी है। संस्थाओं और समाजसेवियों के सहयोग से आश्रम में महिलाओं को नया जीवन, आश्रय और सम्मान प्रदान किया जा रहा है।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग, तनुजा मांगलिक, आभा सरीन, शीनू कोहली, दिव्या गोयल, रानू अग्रवाल, मनीष बंसल, रीना गर्ग आदि उपस्थित रहे। आश्रम की व्यवस्थापक राजरानी गांधी और सचिव सुषमा मंगल ने क्लब का आभार व्यक्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor