मेटा एआई की अलर्ट प्रणाली से छात्रा के 'रील' का राज खुला, पुलिस तत्परता भी गजब की रही

आगरा। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले खतरनाक कंटेंट पर नजर रखने वाली मेटा एआई की अलर्ट प्रणाली ने एक बार फिर अपनी प्रभावशीलता साबित की है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे इंस्टाग्राम पर एक छात्रा ने आत्महत्या से जुड़ा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह दवाएं खाकर खुदकुशी का प्रयास करती नजर आई। वीडियो की लंबाई मात्र 37 सेकंड थी। इस वीडियो में छात्रा सीधे हाथ में दस गोलियां लेकर गोलियां मुंह में रखती है और पानी पीती है। इसके बाद बची हुई गोलियां भी खाकर पानी पीते हुए नजर आई। दरअसल यह छात्रा बुखार की दवा ले रही थी, लेकिन इसी को रील बनाने के लिए उसने इसे इस तरह पेश किया मानो सुसाइड कर रही है। 

Aug 9, 2025 - 23:00
 0
मेटा एआई की अलर्ट प्रणाली से छात्रा के 'रील' का राज खुला, पुलिस तत्परता भी गजब की रही
छात्रा के घर पहुंचकर जांच करता एक पुलिसकर्मी।

मेटा एआई की प्रणाली ने इस संदिग्ध वीडियो को तुरंत पहचान लिया और छात्रा के अकाउंट की डिटेल लोकेशन समेत पूरी जानकारी आगरा पुलिस को अलर्ट के रूप में भेज दी। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस 18 मिनट के भीतर छात्रा के घर पहुंच गई।

पुलिस ने घर पहुंचकर छात्रा और उसके परिजनों से बात की। जांच में पता चला कि छात्रा बुखार से परेशान थी और दवा लेने के लिए वीडियो बनाया था। छात्रा ने बताया कि वीडियो केवल फॉलोअर्स बढ़ाने के मकसद से, मस्ती में शूट किया था और किसी तरह की आत्महत्या का इरादा नहीं था। पुलिस ने छात्रा को काउंसलिंग दी और समझाया कि ऐसे वीडियो पोस्ट करना न केवल समाज में गलत संदेश फैलाता है, बल्कि यह अपराध की श्रेणी में आता है।

पुलिस ने छात्रा के परिजनों को सतर्क रहने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए ध्यान देने के निर्देश दिए। छात्रा ने भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि भविष्य में वह इस तरह की हरकतें नहीं करेगी।

इस पूरे मामले में मेटा एआई की तकनीक और पुलिस की तत्परता की तारीफ की जा रही है, जिन्होंने मिलकर एक बड़ी घटना को टाल दिया। यह घटना सोशल मीडिया पर सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक मिसाल बन गई है।

SP_Singh AURGURU Editor