रोलबॉल में स्वर्ण जीतने वाली प्राची का एमएलसी विजय शिवहरे ने घर पहुँचकर किया सम्मान

दुबई में हुई अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड कप महिला रोल बॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली आगरा की खिलाड़ी प्राची पचौरी का एमएलसी विजय शिवहरे ने उनके घर जाकर सम्मान किया। शिवहरे ने प्राची को नए भारत की ताकत बताते हुए कहा कि उसकी सफलता पूरे देश और आगरा के लिए गर्व की बात है।

Jan 27, 2026 - 19:34
 0
रोलबॉल में स्वर्ण जीतने वाली प्राची का एमएलसी विजय शिवहरे ने घर पहुँचकर किया सम्मान
एमएलसी विजय शिवहरे स्वर्ण पदक विजेता प्राची का स्वागत करते हुए।

आगरा। दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड कप महिला रोल बॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली आगरा की बेटी प्राची पचौरी को एमएलसी विजय शिवहरे स्वयं उसके घर पहुँचकर सम्मानपूर्वक बधाई दी।

एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि प्राची की यह जीत केवल एक पदक नहीं, बल्कि नए भारत की बेटियों की ताकत, आत्मविश्वास और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्राची ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का परचम लहराया जा सकता है।

विजय शिवहरे ने परिवारजनों से भी मुलाकात की और उन्हें इस गौरवपूर्ण क्षण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्राची जैसी खिलाड़ी युवाओं और खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं और उन्हें पूरा करती हैं।

प्राची पचौरी की इस सफलता से आगरा में खेल प्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शहरवासियों ने भी सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से प्राची को बधाइयाँ दीं। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह उपलब्धि आगरा में रोल बॉल जैसे खेलों को नई पहचान और प्रोत्साहन देगी।