मोबाइल लुटेरा पुलिस अभिरक्षा से फरार, महकमे में मची खलबली

आगरा। थाना शाहगंज पुलिस की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। लूट के मोबाइलों की बरामदगी के लिए पुलिस अभिरक्षा में ले जाए गए एक आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफलता पा ली। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

Apr 19, 2025 - 22:36
 0
मोबाइल लुटेरा पुलिस अभिरक्षा से फरार, महकमे में मची खलबली

सवालों के घेरे में पुलिस की कार्यप्रणाली, एसीपी ने दिए जांच के आदेश

सूत्रों के अनुसार, थाना शाहगंज पुलिस ने हाल ही में मोबाइल लूट की कई वारदातों में शामिल कुछ लुटेरों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से कुछ मोबाइल बरामद हुए थे, जबकि शेष मोबाइलों की तलाश में पुलिस शनिवार को एक आरोपी को लेकर निकली थी।

इसी दौरान आरोपी किसी बहाने से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों के होश तब उड़े जब उन्होंने आरोपी को नदारद पाया।

कम पुलिस बल बना आरोपी के भागने की वजह

बताया जा रहा है कि आरोपी को ले जाने के दौरान पुलिस बल की संख्या बहुत कम थी, जिससे उसे फरार होने का मौका मिल गया। घटना के बाद थाना स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन जब जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंची तो हड़कंप मच गया।

एसीपी ने घटना की पुष्टि की है और कहा है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor