मोदी ने पुतिन को दिया खास गिफ्ट, द्विपक्षीय वार्ता में कई मुद्दों पर चर्चा, रक्षा, ऊर्जा क्षेत्र पर फोकस
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। वे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने आए हैं और उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत हुई।
नई दिल्ली। 18वें ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट किया। तमिल में 'तिरुक्कुरल' का अर्थ है 'पवित्र दोहे' या 'पवित्र छंद'। यह शब्द 'तिरु' (पवित्र) और 'कुरल' (दो पंक्तियों वाली छोटी कविता शैली) से मिलकर बना है। इसे तमिल कवि तिरुवल्लुवर ने लिखा है, जो एक प्रसिद्ध शास्त्रीय तमिल ग्रंथ है।
बहरहाल, ब्रिक्स समिट से इतर पीएम प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन से कई मुद्दों पर बातचीत की। इस बातचीत में 2030 तक सालाना द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाने और रक्षा, ऊर्जा और अहम खनिजों के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किए जाने की संभावना है।
पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर आज सुबह नई दिल्ली पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच पहले से ही मजबूत रक्षा सहयोग को और बढ़ाने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने मंगलवार को कहा था कि दोनों पक्ष ब्रह्मोस मिसाइल को अपग्रेड करने पर भी विचार कर रहे हैं। साथ ही, मॉस्को S-400 सिस्टम की बाकी डिलीवरी पूरी करने और Su-57 फाइटर जेट की प्रस्तावित आपूर्ति पर बातचीत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
रूसी अधिकारी ने कहा कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा संबंध मजबूत बने हुए हैं और दोनों पक्ष भारत की नई सिविल न्यूक्लियर रिएक्टर स्थापित करने की योजना पर बातचीत करने पर विचार कर रहे हैं।
मोदी और पुतिन ने इससे पहले पिछले सप्ताह बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन से इतर मुलाकात की थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने यूक्रेन संघर्ष तत्काल समाप्त किए जाने का आह्वान किया था और रूसी नेता से ‘‘अंतहीन युद्ध से युद्ध के अंत की ओर’’ बढ़ने का आग्रह किया था।