आगरा के अभुआपुरा में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध हालात में मौत, गले और चेहरे पर चोट के निशान
आगरा। थाना किरावली क्षेत्र के गांव अभुआपुरा में शनिवार को एक मकान की छत पर महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मनोज (पत्नी गजराज सिंह), उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी दाऊदपुर सामरा, थाना फतेहपुरसीकरी के रूप में हुई है। वह बीते कुछ समय से अपने तीन बच्चों के साथ अभुआपुरा में किराए पर रह रही थी।
-हत्या, आत्महत्या या घरेलू हिंसा? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
सुबह-सुबह गांव में मची अफरा-तफरी
सुबह ग्रामीणों की नजर जब छत पर बेसुध पड़ी महिला पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना किरावली पुलिस मौके पर पहुंची और जब महिला को चेक किया गया तो वह मृत पाई गई। प्रारंभिक जांच में मृतका के चेहरे और गले पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए, जिससे मामला और अधिक रहस्यमयी हो गया।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने महिला की शिनाख्त होने के बाद उसके मायके पक्ष को सूचित किया। थोड़ी देर बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।
थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि महिला का शव मकान की छत पर संदिग्ध परिस्थिति में मिला है। उसकी गर्दन और चेहरे पर चोट के निशान हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। हालांकि, आत्महत्या और घरेलू हिंसा के पहलुओं को भी नज़रअंदाज़ नहीं किया जा रहा। सभी बिंदुओं से जांच की जा रही है।
तीन बच्चों के भविष्य पर साया
मृतका के पीछे उसके तीन मासूम बच्चे रह गए हैं, जो इस हादसे से अनजान हैं। परिजन और ग्रामीण ग़मगीन हैं। पुलिस की जांच के बाद ही साफ़ हो सकेगा कि यह दुखद घटना हत्या थी या किसी अन्य वजह से मौत हुई।